लखनऊ के विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर फर्जी कैफे में शनिवार रात सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। जमकर हंगामे, बवाल के साथ हुई मारपीट में दो युवकों के सिर फट गए। कुछ अन्य लोगों को भी चोटें आईं हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
समिट बिल्डिंग के फर्जी कैफे में जमकर बवाल: पाइप और डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े लड़के, दो के सिर फटे
मारपीट का वीडियो वायरल
मारपीट के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसमें कुछ युवक चीखते हुए मारपीट पर आमादा दिख रहे हैं। इनके हाथों में प्लास्टिक के पाइप दिख रहे हैं। फाइबर के डंडे लिए कुछ सिक्योरिटी गार्ड भी बीचबचाव करते दिख रहे हैं।
अकसर शनिवार को होता है बवाल
समिट बिल्डिंग स्थित बार और कैफे में शनिवार शाम को जबरदस्त भीड़ रहती है। देर रात तक चलने वाली पार्टियों में नशे में धुत युवक-युवतियों का हंगामा, गालीगलौज व मारपीट आम बात है। पूरी बिल्डिंग में कई बाउंसर और सिक्योरिटी गार्ड रहते हैं, लेकिन ये भी स्थिति संभाल नहीं पाते। यहां शनिवार को अकसर बवाल होता रहता है।
कई बार हो चुका है विवाद
-31 दिसंबर 2021 की रात पार्टी पर रोक के बावजूद समिट बिल्डिंग में शराब के नशे में धुत युवक-युवतियों ने हंगामा किया था। तब पुलिस ने लाठियां फटकार करके भीड़ हटवाने के बाद समिट बिल्डिंग खाली कराई थी।
-31 जनवरी 2021 की रात माय बार में नशे में धुत युवकों में जमकर मारपीट हुई थी। एक युवक ने दो युवतियों को पीटा था। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। बवाल के बाद यहां के सभी बार बंद करा दिए गए थे।
- कुछ दिन बाद बार में मारपीट के दौरान एक युवती के कपड़े फट गए थे। वह अर्धनग्न हालत में पास के एक अपार्टमेंट में भागी थी। तब गार्ड ने उसे तौलिया देने के साथ पुलिस को सूचना दी थी।