छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाने के लिए अमर उजाला ने बुधवार को मेधा सम्मान समारोह का आयोजन कर 38 मेधावियों को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि डीएम सुरेश कुमार ने मेधावियों को सम्मानित करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर ऐसे आयोजनों से सकारात्मक प्रेरणा मिलती है, जो छात्र-छात्राओं की प्रगति में सहायक होती है। अमर उजाला के प्रयासों की सराहना करते हुए डीएम ने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी का जो निर्वहन अमर उजाला द्वारा किया जा रहा है, वह प्रेरणादायक है। युवाओं से कहा कि वे संसाधनों की बजाए इस बात पर फोकस करें कि उन्हें बड़े से बड़ा लक्ष्य आसानी से प्राप्त करना है।
अंबेडकरनगर: मेधावियों ने छुआ आसमान तो अमर उजाला के मंच पर हुआ सम्मान, तस्वीरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड, सीबीएसई तथा आईसीएसई से जुड़े हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के टॉपर छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने का आयोजन अमर उजाला ने बुधवार को अंबेडकरनगर के अकबरपुर नगर के लोहिया भवन में किया। इसमें जिले के टॉपर छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों के साथ आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम सुरेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीपार्चन व पुष्प अर्पण कर किया।
डॉ. अशोक स्मारक इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना व स्वागत गीत के साथ ही डीएम के अलावा बीएसए अतुल कुमार सिंह, जिला युवा कल्याण अधिकारी जेपी सिंह, माध्यमिक शिक्षा विभाग के लेखाधिकारी अभिषेक वर्मा का स्वागत बुके देकर किया गया। मुख्य अतिथि ने मेधावियों को सम्मानित करने के साथ ही कहा कि कई जरूरी कार्यक्रमों के बीच अब यहां आकर उन्हें अपार सुकून का अनुभव हो रहा है। बच्चों के बीच मौजूदगी का जो एहसास हो रहा है, उसका वर्णन करना संभव नहीं है। रूटीन के कार्यों को निपटाने के साथ ही ऐसे सकारात्मक माहौल में पहुंचना ही एक नई तरह की ऊर्जा देता है।
डीएम ने छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें संसाधनों की परवाह नहीं करनी चाहिए। अपनी शिक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि जूनियर कक्षाओं की शिक्षा ऐसे स्कूल में ग्रहण की थी, जहां जरूरी संसाधन नहीं थे। आज स्थितियां बदली हैं। छात्र-छात्राओं को स्कूलों में बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। इसके चलते अच्छे नतीजे भी आ रहे हैं। नकारात्मक चीजों से ध्यान हटाकर सिर्फ शिक्षा और प्रगति की तरफ ध्यान केंद्रित करना होगा।
डीएम ने कहा कि अभिभावकों व शिक्षकों का योगदान भी छात्र-छात्राओं की प्रगति में कम नहीं होता। इसका पूरा ध्यान उन्हें हर समय रखना होगा। छात्र-छात्राओं को बेहतर सलाह व उचित मार्गदर्शन लगातार प्रदान करते रहना चाहिए। उन्होंने मंच पर मौजूद प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि सामने बैठे छात्र छात्राओं में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सभी को पूरी दृढ़ता के साथ अपने लक्ष्य की तरफ बढ़ना चाहिए। भरोसा दिलाया कि छात्र छात्राओं को शिक्षा से लेकर किसी भी क्षेत्र में यदि किसी प्रकार की सकारात्मक मदद की जरूरत होती है, तो वे सदैव उपलब्ध रहेंगे। इस मौके पर कई विभागों के अधिकारी समेत डॉ. अशोक स्मारक इंटर कॉलेज व स्वामी रामानंद इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं समेत मेधावियों के अभिभावक व कई विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शांति आश्रम इंटर कॉलेज सया के प्रवक्ता गिरीश कुमार चतुर्वेदी ने किया।