सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त

Exclusive Interview: अक्षय कांति बम मामले में पहली बार सामने आया विजयवर्गीय का पक्ष, ताई की बात पर 'नो कमेंट'

Abhilasha Pathak अभिलाषा पाठक
Updated Wed, 08 May 2024 03:42 PM IST
सार

Kailash Vijayavargiya Interview: मध्य प्रदेश की राजनीति में भूचाल लाने वाले इंदौर के अक्षय कांति बम प्रकरण के सूत्रधार कैलाश विजयवर्गीय से अमर उजाला की अभिलाषा पाठक ने बात की। पहली बार विजयवर्गीय ने इस मुद्दे पर खुलकर कहा कि यह सही समय नहीं है, कहकर बम को लौटा नहीं सकते थे। ताई हमारी बड़ी नेता हैं, उनके किसी कमेंट पर मैं कोई कमेंट नहीं कर सकता। 
 

विज्ञापन
MP Politics News Akshay Kanti Bam Dispute BJP Kailash Vijayvargiya Exclusive Interview Statement Full Details
ग्राफिक्स - फोटो : अमर उजाला

मध्य प्रदेश के इंदौर में कांग्रेस प्रत्याशी अक्षय कांति बम ने नाम वापस लिया और भाजपा की सदस्यता ले ली। इस पूरे प्रकरण के सूत्रधार रहे प्रदेश के मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता कैलाश विजयवर्गीय ने इस मामले में अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि लोग बम की ज्वाइन की टाइमिंग पर सवाल कर रहे हैं। अब वह खुद हमारे पास आए थे। हम उन्हें यह कहकर नहीं लौटा सकते थे कि यह समय सही नहीं है। वहीं, इस मुद्दे पर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के बयान पर भी विजयवर्गीय ने सीधे-सीधे कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि ताई हमारी बड़ी नेता हैं। ताई ने कोई कमेंट किया है तो मैं उस पर कोई कमेंट नहीं कर सकता। 





अमर उजाला के लोकप्रिय कार्यक्रम सत्ता का संग्राम का चुनावी रथ इंदौर में था और इस दौरान विजयवर्गीय ने पहली अक्षय कांति बम प्रकरण पर खुलकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इंदौर की जनता कांग्रेस के गाल पर करारा तमाचा लगाएगी। इंदौर कभी भी नकारात्मक राजनीति पसंद नहीं करता। यह एक सकारात्मक शहर है। यह मुस्कान वाले लोगों का शहर है। 

Trending Videos
MP Politics News Akshay Kanti Bam Dispute BJP Kailash Vijayvargiya Exclusive Interview Statement Full Details
ग्राफिक्स - फोटो : अमर उजाला

पेश है उनसे बातचीत के मुख्य अंशः-
मध्य प्रदेश में तीन चरण की वोटिंग हो चुकी है। प्रदेश में अब तक भाजपा का प्रदर्शन कैसा रहा है? 

कैलाश विजयवर्गीयः मुझे लगता है कि तीन चरण में ही हम बहुमत के पास पहुंच चुके हैं। चौथे और पांचवें चरण में तो हम चार सौ पार जाने वाले हैं। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 400 पार का नारा दिया है। क्या यह लक्ष्य हासिल हो सकेगा?
कैलाश विजयवर्गीयः
इंदौर ही नहीं पूरे देश की जनता की इच्छा है कि हम मोदी जी को वोट दें। मतदाता जब घर से वोट डालने निकलता है तो यह सोचकर ही निकलता है कि मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।  

आप पश्चिम बंगाल के प्रभारी रहे हैं। वहां इस बार क्या माहौल है?
कैलाश विजयवर्गीयः पश्चिम बंगाल में भाजपा की लोकप्रियता बढ़ी है। ममता (बनर्जी) जी की लोकप्रियता का ग्राफ गिरा है। मुझे लगता है कि वहां 30 से 35 सीटें भाजपा को आनी चाहिए। वहां भ्रष्टाचार का मुद्दा है, पुलिस, राजनेताओं और अपराधियों के नेक्सस का मुद्दा है, जिसकी वजह से संदेशखाली जैसी घटनाएं हुई। महिलाओं के साथ दुष्कर्म हुए। रिपोर्ट तक नहीं लिखी गई। उन्हें धमकाया गया कि यदि रिपोर्ट लिखी तो तुम्हारे पति की हत्या कर देंगे। ऐसी घटनाओं पर जनता में आक्रोश होना स्वाभाविक है। वहां भर्ती परीक्षाओं से लेकर हर तरह की परीक्षाओं में धांधली हुई है। लोगों ने इनके मंत्रियों के घर में नोटों के ढेर देखे हैं। जनता में ममता जी के खिलाफ बहुत आक्रोश है। 

राहुल गांधी ने इंदौर आकर आदिवासियों के आरक्षण की बात कही है। खरगोन, धार और झाबुआ सीटों पर क्या इसका असर होगा?
कैलाश विजयवर्गीयः नहीं। इसका कोई असर नहीं दिखेगा। उनकी बात को कोई गंभीरता से नहीं लेता है। मोदी जी ने भी धार और खरगोन में सभाएं की। मैं खरगोन में उनके साथ था और धार की सभा मैंने टीवी पर देखी। सभा देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वहां आदिवासी भाइयों का गजब का रिस्पॉन्स है। गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ आदिवासियों तक सीधे पहुंचा है। वह लोग मोदी जी की कार्यप्रणाली से प्रभावित है। 

कहा जा रहा है कि राहुल गांधी सत्ता में आते हैं तो राम मंदिर का फैसला पलट सकते हैं। इस पर क्या कहेंगे?
कैलाश विजयवर्गीयः काफी लोग इस तरह की बात कर रहे हैं। तुष्टिकरण की नीति की वजह से वह (राहुल) कुछ भी कर सकते हैं। उन पर तुष्टिकरण की नीति का बहुत ज्यादा प्रभाव है। इसी वजह से कर्नाटक में मुस्लिम भाइयों को उन्होंने आरक्षण दिया। हम मुस्लिम भाइयों के आरक्षण का विरोध नहीं करते, लेकिन आप जिनका आरक्षण काट रहे हो, वह एससी, एसटी और पिछड़ा वर्ग वास्तव में आरक्षण के हकदार हैं। आप उनका हक मारकर मुस्लिम भाइयों को दे रहे हो। यह कांग्रेस की नीति और प्रवृत्ति है। यह बहुत खतरनाक है। यह समाज को बांटने वाली नीति है। मैं समझता हूं कि इसकी जितनी निंदा की जाए, उतना कम है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
MP Politics News Akshay Kanti Bam Dispute BJP Kailash Vijayvargiya Exclusive Interview Statement Full Details
ग्राफिक्स - फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस और इंडिया गठबंधन का आरोप है कि आप संविधान बदलना और लोकतंत्र को कमजोर करना चाहते हैं?
कैलाश विजयवर्गीयः कांग्रेस और इंडी गठबंधन मतदाताओं को डराकर वोट लेना चाहते हैं। वह समझ नहीं पा रहे हैं कि मतदाता इतना कमजोर नहीं है। वह बहुत समझदार हो गया है। इस तरह के बयान से वह न तो डरने वाला है और न ही भटकने वाला है। मोदी जी का दस साल का कार्यकाल देखा है और उन्होंने जो काम किया है वह कांग्रेस ने 60 साल में नहीं किया है। मोदी जी की विश्वसनीयता समाज के हर वर्ग में है। मोदी जी को परास्त करने के लिए कांग्रेस और इंडी गठबंधन को अभी दस साल और इंतजार करना पड़ेगा। 

भाजपा ने आपको हरियाणा और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जिम्मेदारी सौंपी और आप सफल भी रहे। आपके समर्थक चाहते हैं कि आप सांसद बनकर दिल्ली जाएं। 
कैलाश विजयवर्गीयः पार्टी जो काम दें, वह इमानदारी से करना चाहिए। अपनी भूमिका सकारात्मक रखना चाहिए। मैं समझता हूं कि पार्टी ने जब-जब मुझे कोई काम दिया है, मैंने कोशिश की है कि उस काम में मैं सफलता प्राप्त कर सकूं। मैंने परिणाम दिया है, इस बात का गर्व है। इसी वजह से हमारे ऊपर के नेता मुझे पसंद करते हैं और जिम्मेदारी देते हैं। मैं सौभाग्यशाली हूं कि हमारी लीडरशिप मुझ पर विश्वास करती है और कोशिश करता हूं कि उसे परिणाम तक लेकर जाऊं। 

कांग्रेस के नेता लगातार भाजपा में आ रहे हैं तो क्या यह भाजपा का जादू है या कैलाश विजयवर्गीय का? 
कैलाश विजयवर्गीयः यह मोदी जी का जादू है। 2047 के लिए मोदी जी ने सपना दिखाया है कि भारत विश्वगुरु बन सकता है। बचपन में शाखा जाते थे, तब से यह सोचते थे कि भारत कभी विश्व गुरु बने। मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छा अवसर है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया का सबसे ताकतवर देश बन सकता है और विश्व गुरु बन सकता है। आज हम पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन गए हैं। आने वाले समय में तीसरी बन जाएंगे। जितनी भी रेटिंग एजेंसियां हैं- चाहे आईएमएफ हो, चाहे मूडी हो, चाहे एशियन डेवलपमेंट बैंक हो, यह अंदाजा लगाते हैं कि 2040 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन सकता है।  

भाजपा में लोग आ रहे हैं तो क्या पार्टी को उनकी जरूरत है? 
कैलाश विजयवर्गीयः कोई भी राजनीतिक दल राजनीति करता है तो उसकी एक विचारधारा होती है। उसकी विचारधारा को मानने वाले लोगों की संख्या बढ़ती है तो यह बहुत अच्छी बात है। एक तरफ वह विचारधारा है जो कहती है कि धारा 370 के बारे में पुनर्विचार करेंगे, राम मंदिर के बारे में सुप्रीम कोर्ट का जो निर्णय आया है, उस पर पुनर्विचार करेंगे। दूसरी तरफ देश चाहता है कि धारा 370 हटनी चाहिए। राम मंदिर बनना चाहिए। सीएए लागू होना चाहिए। देश में ऐसे लोग बहुत हैं जो प्रगति चाहते हैं। भारतीय संस्कृति और संस्कारों को संरक्षण चाहते हैं। मोदी जी ऐसे नेता दिखते हैं कि वह हमारे देश, वैदिक परंपरा, संस्कार और संस्कृति के रक्षक हैं।  

इंदौर के कांग्रेस प्रत्याशी को भाजपा में शामिल करने में आपको सूत्रधार कहा जा रहा है। क्या टाइमिंग और कुछ और बेहतर हो सकती थी? 
कैलाश विजयवर्गीयः जब कोई व्यक्ति आपके पास आए, तो आप यह नहीं कह सकते कि यह समय सही नहीं है और वापस जाओ। वह आए और उन्होंने कहा कि मैं भाजपा ज्वाइन करना चाहता हूं। कांग्रेस छोड़ना चाहता हूं। मुझे उम्मीदवारी मिली है। मैं नाम भी वापस ले लूंगा। हमने कहा कि घर पर पूछ लो पहले। उन्होंने कहा कि मैंने पापा से बात की है। उन्होंने ही मेरी अपने पापा से बात कराई। फिर हमने पार्टी के शीर्ष नेताओं से बात कराई। उन्होंने कहा कि वह बिना किसी मांग के आना चाहता है तो आ जाएं। उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि मुझे कुछ नहीं चाहिए। मैं भाजपा में आकर काम करना चाहता हूं। मोदी जी के नेतृत्व में देश को विकसित होता देखना चाहता हूं। 

इंदौर में कांग्रेस नोटा दबाने की अपील कर रही है। इस पर क्या कहेंगे? 
कैलाश विजयवर्गीयः
इंदौर की जनता कांग्रेस के गाल पर करारा तमाचा लगाएगी। इंदौर की जनता कभी भी नकारात्मक राजनीति पसंद नहीं करती है। इंदौर सकारात्मक शहर है। हमने स्वच्छ इंदौर बनाकर लोगों को दिशा दी है कि आप भी अपना शहर स्वच्छ करें। आप इंदौर में कहीं भी जाएंगे, वहां सकारात्मकता दिखेगी। आप सराफा में जाएंगे तो वहां खाएंगे-पिएंगे तो वहां सकारात्मकता दिखाई देगी। यह शहर मुस्कान वाले लोगों का शहर है। 

छिंदवाड़ा में आपने खूब मेहनत की है। पूरे प्रदेश में कितनी सीटें जीत रहे हैं?
कैलाश विजयवर्गीयः हम प्रदेश की सभी 29 सीटें जीत रहे हैं। छिंदवाड़ा में भी हम जीत रहे हैं। मोदी जी के प्रति लोगों की इतना विश्वास है कि लोग दूसरी पार्टी की तरफ देखते भी नहीं हैं। 
 
अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed