हिमाचल में इस सीजन के सबसे बड़े हिमपात के बाद दुश्वारियां अभी कम नहीं हुई हैं लेकिन राज्य के लिए फिर से भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी हुई है। प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। दो दिनों से शिमला, कुल्लू, चंबा, मंडी के कई इलाकों के अलावा लाहौल और किन्नौर जिले देश-दुनिया से कटे हुए हैं। परिवहन, बिजली और पानी सेवाएं ठप हैं। राजधानी शिमला समेत बर्फीले क्षेत्रों में सड़कें शीशा बनी हैं। घर से सड़क तक पूरी तरह जिंदगी जम गई है।
आधे हिमाचल में फिर भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी, दुश्वारियां बढ़ीं
पेड़ गिरने से बिजली के सैकड़ों ट्रांसफार्मर जल गए। बर्फबारी के बाद गुरुवार को खिली धूप ने लोगों की दुश्वारियां और बढ़ा दीं। पाइपों में पानी जमने से पेयजल संकट गहरा गया है। गुरुवार दोपहर तक प्रदेश में पांच नेशनल हाईवे समेत 1034 सड़कें बंद रहीं। लोक निर्माण विभाग के नेशनल हाईवे विंग के साथ बीआरओ मार्ग बहाली को सड़कों पर उतर गया है। कुल्लू-मनाली, शिमला-रामपुर, रामपुर-किन्नौर, चंबा-भरमौर और औट-बंजार-सैंज नेशनल हाईवे पर यातायात ठप रहा।
हिमाचल में बुधवार को इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई है। राजधानी शिमला समेत सूबे के आठ स्थानों का न्यूनतम तापमान माइनस में है। बुधवार रात आठ बजे से गुरुवार सुबह आठ बजे तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ी। केलांग का अधिकतम पारा माइनस 7.1 रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शनिवार से हिमाचल में दोबारा बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं। 15 जनवरी तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 13 को शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और किन्नौर व लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश-बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। 13 जनवरी को येलो अलर्ट के साथ चेतावनी जारी की है।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग -14.6
कुफरी -5.2
कल्पा -9.1
मनाली -7.8
डलहौजी -5.6
शिमला -3.7