जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड दहशतगर्दों के सफाए के लिए हुई आतंकी मुठभेड़ में हिमाचल के ऊना का जवान घायल है। लोग इस जांबाज सैनिक की सलामती की जहां दुआ मांग रहे हैं वहीं, दविंद्र सिंह की बहादुरी को सुनकर खुद को गौरवान्वित भी महसूस कर रहे हैं।
ईसपुर लवाणा माजरा के रहने वाले सैनिक दविंद्र कुमार पुत्र रामचंद को मुठभेड़ के दौरान आंख में गोली लगी है। घायल हालत में दविंद्र का चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है। इस मुठभेड़ में पुलवामा हमले के मास्टरमाइंड गाजी और कामरान समेत तीन आतंकी ढेर कर दिए गए थे।
जानकारी के मुताबिक दविंद्र की आंख से गोली निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया है। मिलिट्री हॉस्पिटल चंडीगढ़ में सुबह साढ़े ग्यारह बजे के लगभग ऑपरेशन थिएटर में सर्जरी के लिए दविंद्र को अंदर ले जाया गया। लगभग बारह बजे उनका ऑपरेशन शुरू हुआ और करीब छह घंटे चला।
बताया जा रहा है कि पुलवामा में हमले के मास्टरमाइंड आतंकी गाजी और कामरान के साथ सैनिकों की मुठभेड़ चल रही थी। दविंद्र सिंह भी सेना की इसी टुकड़ी में शामिल था। काफी देर तक दोनों आर से गोलियों की बौछार के दौरान आतंकियों की एक गोली दविंद्र की तरफ आई।
गनीमत यह रही कि गोली बुलेट प्रूफ हेलमेट से जा लगी और उसका हिस्सा टूटकर दविंद्र की नाक और दाहिनी आंख में लगा। दविंद्र कुमार के बड़े भाई राकेश कुमार ने कहा कि इलाज चल रहा है। हमें चिंता हो रही है।