कौन हैं मैडेलेना अरागाओ: रोनाल्डो फैंस के निशाने पर क्यों आईं? CR7 की पार्टनर जॉर्जिना के कमेंट ने लगाया तड़का
पुर्तगाल के युवा मिडफील्डर जोआओ नेवेस के क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लेकर दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस विवाद की चपेट में उनकी अभिनेत्री गर्लफ्रेंड मैडेलेना अरागाओ भी आ गईं, जिन्हें रोनाल्डो के नाराज प्रशंसकों ने निशाना बनाना शुरू कर दिया।
डीआर कांगो के खिलाफ मैच के बाद जोआओ नेवेस से क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लेकर सवाल पूछा गया था। जवाब में उन्होंने कहा था कि रोनाल्डो ने पुर्तगाल और फुटबॉल के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन मौजूदा टीम में वह भी बाकी खिलाड़ियों की तरह टीम की मदद करने वाले एक सदस्य हैं। उनके बयान का एक हिस्सा 'वह यहां सिर्फ एक खिलाड़ी हैं', सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। रोनाल्डो के कई प्रशंसकों ने इसे पुर्तगाली कप्तान के प्रति अनादर के रूप में देखा और नेवेस की आलोचना शुरू कर दी।
मैडेलेना विवास अरागाओ डी आंद्रादे डायस पुर्तगाल की उभरती हुई अभिनेत्री हैं। उनका जन्म 25 अगस्त 2005 को पुर्तगाल के कास्काइस में हुआ था। उन्होंने महज 10 वर्ष की उम्र में टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा और जल्द ही पुर्तगाल के मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बना ली। उन्होंने 'रेन्या दास फ्लोरेस', 'पैक्साओ', 'नजारे', 'क्वेर ओ डेस्टिनो', 'पारा सेंप्रे' और लोकप्रिय युवा सीरीज 'मोरांगोस कॉम अकुकार' जैसे प्रोजेक्ट्स में काम किया है। फिल्मों में भी उनकी मौजूदगी रही है और उन्हें पुर्तगाल की नई पीढ़ी की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में गिना जाता है। साल 2023 में उन्हें फोर्ब्स पुर्तगाल की अंडर-30 सूची में भी जगह मिली थी। इसके अलावा उन्हें गोल्डन ग्लोब्स पुर्तगाल में 'रेवलेशन' श्रेणी के लिए नामांकन भी मिला था।
जोआओ नेवेस और मैडेलेना अरागाओ पुर्तगाल के सबसे चर्चित युवा कपल्स में से एक हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। लंबे समय तक दोस्त रहने के बाद दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया। दोनों अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हैं और युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता काफी ज्यादा है। फिलहाल दोनों पेरिस में रहते हैं, जहां नेवेस क्लब फुटबॉल में अपना करियर आगे बढ़ा रहे हैं।
जोआओ नेवेस के बयान के वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में रोनाल्डो समर्थक उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर पहुंच गए। इसके बाद कुछ लोगों ने मैडेलेना अरागाओ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। कई यूजर्स ने उनसे कहा कि वह अपने बॉयफ्रेंड को रोनाल्डो का सम्मान करना सिखाएं। कुछ लोगों ने नेवेस के बयान के लिए उन्हें भी निशाना बनाया, जबकि उनका इस पूरे मामले से कोई लेना-देना नहीं था। इस घटना ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी कि खिलाड़ियों के परिवार और पार्टनर्स को खेल से जुड़े विवादों में घसीटना कितना उचित है।
PORTUGAL SE ESTÁ ROMPIENDO EN REDES 🚨💔
— Motivaciones Fútbol (@MotivacionesF) June 19, 2026
Las declaraciones de Joao Neves y un simple comentario de Bruno Fernandes han desatado una auténtica tormenta entre algunos aficionados portugueses.
Todo comenzó cuando Neves afirmó que Cristiano Ronaldo “es un jugador más dentro del… pic.twitter.com/Ng7NBGfkTq