खेल विभाग की ओर से सब जूनियर बालक-बालिका तैराकी प्रतियोगिता सिगरा स्टेडियम में हुई। तीसरे दिन सर्वाधिक 17 पदक जीतकर सैफई खेल छात्रावास की टीम अंक तालिका में सबसे ऊपर है। 14 पदकों के साथ वाराणसी दूसरे, 11 पदकों के साथ विंध्याचल मंडल की टीम तीसरे और लखनऊ खेल छात्रावास और लखनऊ की टीम 7 पदकों क साथ चौथे स्थान पर है।
Sports News: तैराकी के तीसरे दिन सैफई खेल छात्रावास ने जीते 17 पदक, वाराणसी 14 मेडल के साथ दूसरे नंबर पर
वाराणसी में हाॅकी, हैंडबाॅल, फुटबाॅल, तैराकी सहित विभिन्न खेल आयोजन हो रहे हैं। खिलाड़ी बढ़-चढ़ कर इन खेलों का हिस्सा बन रहे हैं। जीते हुए खिलाड़ियों को सम्मान के साथ प्रोत्साहित भी किया जा रहा है।
सात ने जीता स्वर्ण
कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में वाराणसी के 7 खिलाड़ियों ने पदक जीता है। कोच अनीता सिंह ने बताया कि अंडर-17 बालक वर्ग में अंशुमान मिश्र, मृदुल छातानी, मनन पेशवानी ने स्वर्ण जीता। बालिका वर्ग में पंखुड़ी श्रीवास्तव ने काता और कुमिते, हरगुण कौर, पृथा सिंह, शैव्या श्रीवास्तव ने स्वर्ण और रुपाली कुशवाहा ने रजत पदक जीता।
जिलास्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता 6 से
जिलास्तरीय विद्यालयीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी भेलूपुर के सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज को मिली है। प्रतियोगिता छह से सात अगस्त को विद्यालय में होगी। इसमें माध्यमिक और परिषदीय विद्यालयों के बच्चे हिस्सा ले सकते हैं। प्रधानाचार्य डॉ. अनुराग मिश्र ने बताया कि दो दिवसीय प्रतियोगिता के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। जिले के सभी माध्यमिक और परिषदीय विद्यालय के कक्षा छह से आठ के विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं।
मुक्केबाजी कोच ने दिया इस्तीफा
सिगरा में मुक्केबाजी की कोच दीपिका तिवारी ने गत दिवस अपना इस्तीफा क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को दे दिया। मां की तबीयत खराब होने और उनकी देखभाल के लिए ऐसा करने का हवाला दिया है। हालांकि, लोगों का कहना है कि आरएसओ से अनबन की वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया है।
मुक्केबाजी : अंडर-14 में लक्ष्मी कुमारी ने मारी बाजी
केंद्रीय विद्यालय संगठन की 54वीं राष्ट्रीय बालिका बॉक्सिंग प्रतियोगिता मेजर ध्यानचंद स्टेडियम के बॉक्सिंग हॉल में हो रही है। शनिवार को कई वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। विजेता खिलाड़ियों को मेडल दिया गया। रविवार को अंडर-19 के खिलाड़ियों का फाइनल मुकाबला होगा। अंडर-14 की 30-32 किलो भार वर्ग में वाराणसी की लक्ष्मी कुमारी ने रायपुर की श्रद्धा मिश्रा को हराया। विशिष्ट अतिथि आगरा संभाग की सहायक आयुक्त इंदिरा मुद्रल और राजकुमार, प्राचार्य नरेश बाबू अग्रवाल ने मेडल और माणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
आज फाइनल में खेलेंगे काशी के दो मुक्केबाज
मथुरा में प्रादेशिक समन्वय मुक्केबाजी में वाराणसी के दो खिलाड़ियों ने अपने मुकाबले जीत फाइनल में जगह बनाई है। मुक्केबाजी संघ के सचिव जनार्दन यादव ने बताया कि 43 किलो आदित्य गुप्ता ने सहारनपुर के खिलाड़ी और हिमांशु यादव ने प्रयागराज के खिलाड़ी को हराकर फाइनल में जगह बनाई है। बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला 27 जुलाई को खेला जाएगा।
काशी के विनीत मलयेशिया में दिखाएंगे ताइक्वांडो का दम
ताइक्वांडो खिलाड़ी विनीत कुमार काशी की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पटल पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार हैं। मलयेशिया में 27 जुलाई से एशियाई कैडेट ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। पुआरिकला बाबतपुर क्षेत्र के निवासी विनीत का सफर संघर्ष और जुनून की एक मिसाल है।
जिला ताइक्वांडो संघ के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि विनीत के चयन की खबर खुशी लेकर आई है। विनीत का ताइक्वांडो के प्रति लगाव 2021 में शुरू हुआ, जब उन्होंने शौकिया तौर पर चंद्रभान पटेल की अकादमी में प्रशिक्षण लेना शुरू किया। 2023 में उनका चयन मध्य प्रदेश के धार के साई प्रशिक्षण केंद्र के लिए हो गया।
वहां भारतीय टीम के पूर्व कोच नरेश भवसर के मार्गदर्शन में अपने खेल को निखारा। जिला ताइक्वांडो संघ ने 2016 रियो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता जॉर्डन के अहमद अबूघोस का विशेष प्रशिक्षण सत्र भी प्रायोजित किया था।
पांच किमी साइकिल चलाकर करेंगे जागरूक
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) बीएचयू सेंटर की ओर से फिट इंडिया साइकिल रैली रविवार सुबह सात बजे पहड़ियां गेट से निकाली जाएगी। इसमें साई सेंटर के खिलाड़ी और सीआरपीएफ जवान पांच किमी साइकिल चलाएंगे। जागरूकता रैली को सीआरपीएफ कमांडेंट आरएस बालापुरकर झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
प्रादेशिक के लिए नौ खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल
प्रादेशिक बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता जौनपुर में खेली जाएगी। मंडलीय टीम में जगह बनाने के लिए खिलाड़ियों का ट्रायल शनिवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। इसमें जूनियर वर्ग की नौ राष्ट्रीय समेत कुल 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। जिला वॉलीबॉल संघ के कोषाध्यक्ष भारतेंदु शेखर पांडेय ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित की गई है।
बालिकाओं को दिया कराटे का प्रशिक्षण
आरंभ स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से शनिवार को तुलसीपुर के पाणिनि कन्या महाविद्यालय में कराटे प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इसमें प्रशिक्षक सावन कुमार ने 125 बालिकाओं को कराटे में कुमिते और काता का प्रशिक्षण दिया। मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डॉ. दया शंकर मिश्र दयालु और विशिष्ट अतिथि अंबरीश सिंह भोला ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। अध्यक्षता सिको काई कराटे डू इंटरनेशनल के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने की। इस मौके पर अजीत श्रीवास्तव, गणेश विश्वकर्मा, शिवम पांडेय, अखिलेश रावत मौजूद रहे।
प्रादेशिक महिला फुटबॉल, 28 ने दिया ट्रायल
प्रादेशिक महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलने के लिए मंडलीय टीम का ट्रायल शुरू हो गया है। पहले चरण में शनिवार को सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिले की टीम का ट्रायल हुआ। सीनियर महिला वर्ग में जिले की 28 खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। वाराणसी जिला फुटबाॅल संघ के राना अनवर ने बताया कि जिले के बाद मंडलीय टीम का ट्रायल होगा।
वीपीएस ने चिन्मय विद्यालय को 21-7 से हराया
सीबीएसई पूर्वी जोन हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन केराकतपुर के वाराणसी पब्लिक स्कूल में शनिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। सनबीम एकेडमी ने अंडर-17 और 19 में जीत हासिल की। अंडर-19 बालक वर्ग में सनबीम एकेडमी सामने घाट ने सेंट मैरी स्कूल को 2–0 से और अंडर-17 बालक वर्ग में सनबीम एकेडमी ने डिवाइन लाइट पब्लिक स्कूल बिहार को 2–1 से पराजित किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में सेंट मैरी इंग्लिश हाईस्कूल जमशेदपुर ने सनबीम स्कूल, बलिया को 6–0 से पराजित किया। अंडर-14 बालक वर्ग में माउंट लिटेरा जी स्कूल की टीम ने सेंट कैरेंस हाईस्कूल को 4–1 से हराया जबकि अंडर-14 बालिका वर्ग में संस्कार पब्लिक स्कूल और उषा पब्लिक स्कूल शेखपुरा का मुकाबला 1-1 से बराबरी पर समाप्त हुआ। अंडर-19 बालक वर्ग में वाराणसी पब्लिक स्कूल ने चिन्मय विद्यालय जमशेदपुर को 21-7 से, मुख्य अतिथि राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। संचालन स्कूल के निदेशक अमित पांडेय ने किया।
