करीब 11 महीने 14 दिन बाद जेल से बाहर आने की उम्मीद लगाए बैठे सपा नेता आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गईं। शनिवार शाम दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद जैसे ही आजम खां रामपुर जेल से बाहर निकले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। जेल के बाहर पहले से मौजूद ईडी अधिकारियों की कार्रवाई से मौके पर हलचल मच गई। भारी पुलिस और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की मौजूदगी में एजेंसी की टीम आजम खां को अपने साथ ले गई। वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जेल से रिहा कर दिया गया। पिता की हिरासत और बेटे की रिहाई के इस घटनाक्रम के दौरान जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी रही। समर्थकों ने आजम खां के समर्थन में नारेबाजी भी की।
2 of 5
रामपुर में आजम खां की रिहाई, फिर ईडी की कार्रवाई
- फोटो : संवाद
गाजियाबाद की विशेष अदालत में किए जाएंगे पेश
ईडी के अधिकारियों के मुताबिक, आजम खां को जल्द ही धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी अदालत से उनकी रिमांड मांगेगी। ईडी की लखनऊ जोन की टीम इस कार्रवाई के दौरान केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और पुलिस की भारी सुरक्षा के साथ रामपुर जेल पहुंची थी। आजम खां को हिरासत में लेने के बाद टीम उन्हें अपने साथ ले गई।
3 of 5
आजम खां को ईडी ने हिरासत में लिया
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
जमानत मिलते ही ईडी की कार्रवाई, बेटे को मिली रिहाई
शनिवार को आजम खां और अब्दुल्ला आजम की रिहाई को लेकर सुबह से ही रामपुर जेल के बाहर हलचल बनी हुई थी। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को दो पैनकार्ड मामले में दोनों की सजा पर रोक लगाते हुए जमानत मंजूर की थी। इसके बाद शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हाईकोर्ट का आदेश दाखिल किया गया और जमानत की शर्तें पूरी की गईं। दोनों के रिहाई परवाने जारी होने के बाद जेल प्रशासन की ओर से अन्य मामलों में भी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं। शाम को जैसे ही आजम खां और अब्दुल्ला आजम जेल से बाहर आए ईडी की टीम ने आजम खां को हिरासत में ले लिया। इस दौरान आजम खां ने ईडी अधिकारियों की कार्रवाई का विरोध किया और वाहन में बैठने से इनकार कर दिया। समर्थकों ने ईडी के खिलाफ नारेबाजी की। दूसरी ओर अब्दुल्ला आजम अपने घर के लिए रवाना हो गए। उनकी रिहाई पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी जताई। पिता को ईडी की टीम के साथ जाता देख समर्थकों में नाराजगी और मायूसी दिखाई दी।
4 of 5
मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर ईडी की कार्रवाई
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और भवन भी कुर्क कर चुकी है ईडी
ईडी ने बुधवार को आजम खां की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की जमीन और भवन को धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत कुर्क करने की जानकारी दी थी। एजेंसी ने आजम खां और अन्य के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध दर्ज 58 पुलिस एफआईआर का संज्ञान लिया है। इसी धनशोधन मामले में अब ईडी आजम खां को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
5 of 5
आजम खां को ईडी ने हिरासत में लिया
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
गाजियाबाद की अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी एजेंसी
ईडी के अधिकारियों के अनुसार, आजम खां को गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी अदालत से पूछताछ के लिए रिमांड देने की मांग करेगी। पीएमएलए के तहत उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने के बावजूद आजम खां की जेल से बाहर रहने की राह फिर मुश्किल होती नजर आ रही है। वहीं, अब्दुल्ला आजम की रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है।