पंजाब से विदेशी पर्यटकों का मोहभंग: 47 फीसदी घटे, घरेलू सैलानियों ने संभाली पर्यटन की रफ्तार
विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब में धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सीमित उपलब्धता और बेहतर प्रचार-प्रसार के अभाव से विदेशी पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में विदेशी पर्यटकों का आकर्षण लगातार घट रहा है। पर्यटन मंत्रालय की ओर से संसद में पेश रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024 के मुकाबले वर्ष 2025 में राज्य में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 47 फीसदी कम हो गई।
हालांकि इस दौरान घरेलू पर्यटकों की संख्या में 25 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की गई जिससे पर्यटन क्षेत्र को सहारा मिला। दूसरी ओर हरियाणा में विदेशी और घरेलू दोनों श्रेणियों के पर्यटकों की संख्या घटी है।
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में पंजाब में 1,62,541 विदेशी पर्यटक पहुंचे जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 5,41,784 थी। वर्ष 2021 में 3,08,135 विदेशी पर्यटक आए थे। वर्ष 2022 में यह संख्या 3,29,458 और वर्ष 2023 में बढ़कर 7,41,734 पहुंच गई जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक रही। इसके बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि पंजाब में धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सीमित उपलब्धता और बेहतर प्रचार-प्रसार के अभाव से विदेशी पर्यटकों की संख्या प्रभावित हो रही है। उनका कहना है कि पर्यटन सुविधाओं और वैश्विक संपर्क को मजबूत करने की जरूरत है।
घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ी
विदेशी पर्यटकों की संख्या घटने के बावजूद घरेलू पर्यटकों का रुझान बढ़ा है। वर्ष 2021 में 2,66,40,429 घरेलू पर्यटक पंजाब आए थे। वर्ष 2022 में यह संख्या 2,60,89,425 रही। वर्ष 2023 में 3,57,07,600 और वर्ष 2024 में 2,77,45,183 घरेलू पर्यटक पहुंचे। वर्ष 2025 में भी वर्ष 2021 की तुलना में 25 फीसदी अधिक घरेलू पर्यटक दर्ज किए गए।
हरियाणा में दोनों श्रेणियों में गिरावट
हरियाणा में विदेशी पर्यटकों की संख्या 78 फीसदी और घरेलू पर्यटकों की संख्या 20 फीसदी घटी। वर्ष 2021 में 4,578 विदेशी पर्यटक आए थे जो वर्ष 2025 में घटकर 1,010 रह गए। वहीं घरेलू पर्यटक 20,25,450 से घटकर 16,17,158 रह गए।
पर्यटन ढांचे पर निवेश
पंजाब सरकार 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पर्यटन और विरासत से जुड़ी आधारभूत परियोजनाएं विकसित कर रही है। पर्यटन मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को बढ़ावा देने के लिए निवेश किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत अटारी में बॉर्डर पर्यटन और कपूरथला की कंजली वेटलैंड में इको-टूरिज्म परियोजनाओं को मंजूरी दी है।