सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Four people shot dead in the last 24 hours.

Crime: बीते 24 घंटों में 4 लोगों की गोली मारकर हत्या, चंडीगढ़ में एक और पंजाब में 3 लोगों को उतारा मौत के घाट

अमर उजाला ब्यूरो/ संवाद न्यूज एजेंसी चंडीगढ़/जालंधर/अमृतसर Published by: शाहिल शर्मा Updated Sun, 14 Jun 2026 09:24 AM IST
विज्ञापन
सार

पंजाब और चंडीगढ़ में बीते 24 घंटों में 4 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इन वारदातों के बाद पंजाब और चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट पर है। 

Four people shot dead in the last 24 hours.
चंडीगढ़ गोलीकांड - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

विस्तार

बीते 24 घंटों में पंजाब और चंडीगढ़ में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 डी में शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस नाकाबंदी से 50 मीटर दूर श्री कुमार मेडिकल हॉल-1 में दो नकाबपोश हमलावरों ने ऑटोमैटिक हथियार से कैशियर जानकी दास (45) पर ताबड़तोड़ 13 राउंड फायरिंग की। वारदात डेढ़ सेकेंड में अंजाम दी गई। इससे पहले जालंधर के दशमेश नगर में 12 जून रात आठ बजे सिमरनजीत (24) और सौरभ (23) की हत्या कर दी गई, जबकि अमृतसर के जंडियाला गुरु में रात साढ़े दस बजे मनिंदर (28) की गोली मारकर हत्या कर दी गई।


चंडीगढ़ पुलिस का नाकाबंदी दल सेक्टर-11 की मुख्य सड़क पर ही तैनात था, जहां से वारदात वाली दुकान महज 50 मीटर दूर है। सीसीटीवी फुटेज में दो शूटर मास्क लगाकर दुकान में घुसते दिख रहे हैं। एक ने ऑटोमैटिक हथियार निकालकर बिना कुछ बोले जानकी दास के सीने पर गोलियां बरसा दीं। दूसरा पिस्टल लेकर उसके साथ खड़ा रहा। वारदात के बाद दोनों भागे, जहां तीसरा साथी बाइक पर इंतजार कर रहा था। तीनों क्राइम ब्रांच कार्यालय की ओर भाग निकले। पुलिस ने मौके से सात से आठ खाली खोल बरामद किए।
विज्ञापन
विज्ञापन


हत्या के कुछ घंटों बाद गोल्डी बराड़ गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग को धमकी भी दी गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि श्री कुमार मेडिकल हॉल-1 के संचालक को कभी कोई धमकी नहीं मिली, लेकिन उसी सेक्टर में स्थित कुमार ब्रदर्स केमिस्ट को साल 2018 और मार्च 2025 में रंगदारी की धमकियां मिल चुकी हैं। पुलिस एक जैसे नामों के कारण गलत निशाना बनाए जाने की संभावना की जांच कर रही है। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार, कुमार ब्रदर्स केमिस्ट को पहले भी गैंगस्टर संपत नेहरा और गोल्डी बराड़ गैंग की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं। बीते मार्च में सोनीपत से गैंग के एक गुर्गे की गिरफ्तारी के बाद यह मामला खुला था। पुलिस का कहना है कि हो सकता है कि शूटर कुमार ब्रदर्स को निशाना बनाने आए थे, लेकिन एक जैसे नाम के कारण श्री कुमार मेडिकल हॉल-1 में घुस गए। इसके अलावा जांच में यह भी पता चला है कि मृतक जानकी दास की पत्नी हिमाचल के रोहड़ू क्षेत्र में सरपंच हैं। पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन


 

हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित
चंडीगढ़ एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें गठित कर दी गई हैं। तीनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जालंधर पुलिस ने भी 8-9 आरोपियों की पहचान कर ली है, जबकि अमृतसर पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

जालंधर : दो गुटों के झगड़े में दो युवकों की हत्या
जालंधर के दशमेश नगर में 12 जून रात 11 जून को हुई मारपीट की रंजिश में हत्या की गई। 11 जून को सिमरनजीत घायल हुआ था। 12 जून रात वह अस्पताल पट्टी करवाने जा रहा था। 5 से 7 हमलावरों ने बाइक व एक्टिवा पर आकर सिमरनजीत व सौरभ को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग कर दी। सिमरनजीत की मौके पर और सौरभ की 13 जून को दोपहर में मौत हुई।

अमृतसर: युवक पर आठ राउंड फायरिंग की, पीठ में चार गोलियां लगीं
अमृतसर के जंडियाला गुरु में 12 जून रात साढ़े दस बजे मनिंदर दुकान बंद कर घर लौट रहा था। बाइक सवार हमलावरों ने सात से आठ राउंड फायरिंग की जिसमें चार गोलियां उसकी पीठ में लगीं। मनिंदर की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। उसकी पत्नी और पांच माह की बेटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed