सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Jalandhar News ›   Nancy Grewal murder Canadian influencer murder case goldy brar

नैन्सी ग्रेवाल को किसने मारा?: कनाडा में इन्फ्लुएंसर की हत्या मामले में नए दावे, गैंगस्टर्स ने ली जिम्मेदारी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालंधर Published by: Nivedita Updated Fri, 06 Mar 2026 02:24 PM IST
विज्ञापन
सार

नैन्सी ग्रेवाल की हत्या विंडसर के ला साले इलाके में उनके घर के बाहर चाकू से हमला कर की गई। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

Nancy Grewal murder Canadian influencer murder case goldy brar
नैन्सी ग्रेवाल - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार

कनाडा के ओंटारियो प्रांत के विंडसर क्षेत्र में पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर कई लोगों द्वारा जिम्मेदारी लेने के दावे सामने आए हैं। 

Trending Videos


कुछ पोस्ट में खालिस्तान समर्थक अकाउंट्स ने हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही है, जबकि गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े नाम भी चर्चा में आ गए हैं। फिलहाल कनाडाई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विज्ञापन
विज्ञापन




नैन्सी ग्रेवाल की हत्या विंडसर के ला साले इलाके में उनके घर के बाहर चाकू से हमला कर की गई। पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुआ, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। इस पोस्ट में लिखा गया, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। जो विंडसर, ओंटारियो (कनाडा) में नैंसी ग्रेवाल का कत्ल हुआ है, यह काम हमारे भाइयों ने किया है। इसकी जिम्मेदारी मैं आकाश हरीके और सुक्खा संधू लेते हैं। यह महिला धर्म और खालिस्तान के बारे में गलत बोलती थी और उसे इसका परिणाम मिल गया है। बाकी हमारा किसी भी धर्म के साथ कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन जो भी इसके जैसे कौम के खिलाफ बोलेगा उसका यही हाल होगा।

बताया जा रहा है कि यह संदेश इंस्टाग्राम पर आकाश हरीके नाम से बनी एक आईडी पर पोस्ट किया गया। इस पोस्ट में यह भी कहा गया कि नैन्सी ग्रेवाल ने खालिस्तान और सिख धर्म के खिलाफ बयान दिए थे, जिसके कारण यह कार्रवाई की गई। हालांकि इस पोस्ट की सत्यता और उससे जुड़े लोगों की पहचान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं सोशल मीडिया पर एक अन्य दावा भी सामने आया है, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से भी इस हत्या की जिम्मेदारी लेने की बात कही जा रही है। कुछ पोस्ट में यह दावा किया गया कि यह हत्या गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े लोगों ने की है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने इन दावों को अभी तक प्रमाणित नहीं माना है और कहा है कि सोशल मीडिया पर कई तरह की अपुष्ट बातें फैल रही हैं।

जांच एजेंसियों के मुताबिक हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट या किसी व्यक्ति द्वारा जिम्मेदारी लेने का दावा जांच का हिस्सा हो सकता है, लेकिन उसे अंतिम सत्य नहीं माना जा सकता। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और डिजिटल सबूतों की भी जांच कर रही है।

नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और पंजाब तथा प्रवासी सिख समुदाय से जुड़े कई मुद्दों पर वीडियो बनाती थीं। बताया जा रहा है कि वह कई बार खालिस्तान समर्थक गतिविधियों और कुछ संगठनों की आलोचना करती थीं। परिवार के अनुसार उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और उन्होंने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी।

घटना के बाद उनके परिवार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। परिवार का कहना है कि नैन्सी अपनी राय खुलकर रखने वाली महिला थीं और उन्होंने कई संवेदनशील मुद्दों पर आवाज उठाई थी। उनका कहना है कि पुलिस को इस मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए और असली दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

कनाडा की पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घटना से जुड़ी किसी भी जानकारी या सीसीटीवी फुटेज को जांच एजेंसियों के साथ साझा करें। अधिकारियों ने यह भी कहा है कि सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों से बचना चाहिए और जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।

इस बीच इस हत्या ने कनाडा में रह रहे भारतीय और पंजाबी समुदाय के बीच भी चिंता बढ़ा दी है। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर इस घटना की निंदा की है और मांग की है कि कनाडा में बढ़ती हिंसा और गैंग गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही इस हत्याकांड के पीछे की सच्चाई सामने लाई जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed