Cough Syrup: राजस्थान में अब बुजुर्ग महिला की बिगड़ी तबीयत, सरकारी अस्पताल से लाईं थीं दवा; अस्पताल में भर्ती
Rajasthan Cough Syrup: रामदेवी ने बताया कि उन्हें पहले से सांस की तकलीफ थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसी सिरप का सेवन उनके नाती गुलशन ने भी खांसी होने पर किया था, जिससे उसे चक्कर आए थे, हालांकि अब वह ठीक है। पढे़ं पूरा मामला
विस्तार
भरतपुर शहर में एक 60 वर्षीय महिला की तबीयत खांसी की सिरप पीने के बाद अचानक बिगड़ गई। महिला को उल्टियां होने लगीं और तबीयत अधिक खराब होने पर परिजनों ने उसे जिला आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां फिलहाल उसकी हालत में सुधार है।
जानकारी के अनुसार, सेवर थाना क्षेत्र के गुदवा गांव निवासी 60 वर्षीय रामदेवी करीब सात दिन पहले शहर के लक्ष्मण मंदिर स्थित सैटेलाइट सरकारी अस्पताल में जुखाम-खांसी की शिकायत लेकर पहुंची थीं। वहां उन्हें टैबलेट और खांसी की सिरप दी गई थी। टैबलेट तो वह नियमित रूप से लेती रहीं, लेकिन सिरप का सेवन नहीं किया था।
शुक्रवार को जब वह घर पर अनाज का काम कर रही थीं, तभी खांसी होने पर उन्होंने सिरप की दो ढक्कन मात्रा पी ली। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। रात किसी तरह गुजरी, लेकिन सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला आरबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
पढ़ें: सिवांची गेट के पास रेग्जीन गोदाम में लगी भीषण आग, घंटों की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
रामदेवी ने बताया कि उन्हें पहले से सांस की तकलीफ थी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उसी सिरप का सेवन उनके नाती गुलशन ने भी खांसी होने पर किया था, जिससे उसे चक्कर आए थे, हालांकि अब वह ठीक है। महिला की हालत में अब सुधार बताया जा रहा है और चिकित्सक उनकी निगरानी कर रहे हैं।