Sadhvi Prem Baisa: पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ चौंकाने वाला खुलासा, इस वजह से हुई थी प्रेम बाईसा की मौत
Jodhpur: साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया। शनिवार को पुलिस ने बताया कि साध्वी की मौत कार्डियक अरेस्ट की वजह से हुई है।
विस्तार
जोधपुर पुलिस ने आखिरकार प्रेम बाईसा की मौत के मामले का खुलासा कर दिया है। जोधपुर पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि प्रेम बाईसा की मौत अस्थमा के अटैक और उसके बाद कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई।
'बाईसा को सांस लेने में हो रही थी कठिनाई'
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रेम बाईसा की आश्रम में तबीयत अचानक खराब हुई। इस दौरान उन्हें सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। पिता विरमनाथ ने उन्हें इलाज के लिए कंपाउंड देवी सिंह के पास भेजा। देवी सिंह ने प्रेम बाईसा को दो इंजेक्शन लगाए, जिससे उनकी तबीयत और ज्यादा बिगड़ गई। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
46 लोगों से SIT ने की पूछताछ
प्रेम बाईसा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए संदेशों के कारण विवाद खड़ा हो गया, जिससे मामला गुत्थी बन गया। पूरे मामले की जांच के लिए SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया। SIT ने लगभग 46 लोगों से पूछताछ की, दर्जनों मोबाइल खंगाले और सीसीटीवी फुटेज भी जांचे। इसके अलावा साध्वी के पिता विरमनाथ और कंपाउंडर देवी सिंह समेत कई लोगों से लंबी पूछताछ की गई। मेडिकल बोर्ड ने विसरा रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट दी, जिसमें मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया।
ये भी पढ़ें: मेड़ता सिटी में सेना का वाहन पलटा, दो सैनिक गंभीर रूप से घायल, अजमेर रेफर
विरमनाथ के कहने पर डाली गई थी पोस्ट
जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि प्रेम बाईसा की तबीयत इंजेक्शन लगने के बाद और खराब क्यों हुई। पुलिस यह भी जांच रही है कि देवी सिंह को इंजेक्शन लगाने की अनुमति थी या नहीं, और क्या उन्होंने डॉक्टर की पर्ची के बिना इंजेक्शन दिया। यह तमाम बिंदु अब जांच के दायरे में हैं। पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने यह भी बताया कि प्रेम बाईसा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई थी, जो विरमनाथ के कहने पर की गई थी। इस पोस्ट को डालने के पीछे कोई गलत इरादा नहीं था।