Nagaur News : एएसआई सुखराम 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, ACB के एक्शन से क्या डरेंगे भ्रष्टाचारी
ACB Action In Rajasthan : नागौर जिले के पादुकला थाने के ASI सुखराम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। ASP कल्पना सोलंकी के नेतृत्व में यह कार्रवाई पादुकला थाने के बाहर चाय की दुकान पर की गई।
विस्तार
नागौर जिले के पादुकला थाने के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सुखराम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पादुकला थाने के बाहर एक चाय की दुकान पर की गई। इस कार्रवाई का नेतृत्व ACB की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कल्पना सोलंकी ने किया।
ASI सुखराम पर आरोप है कि उन्होंने एक प्रकरण में परिवादी के पक्ष में जांच करने और आरोपी को गिरफ्तार करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच की और सत्यापन के बाद ट्रैप की कार्रवाई की।
रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर ACB ने बनाया प्लान
जानकारी के अनुसार, पादुकला थाने में दर्ज एक मामले में ASI सुखराम ने परिवादी को परेशान करते हुए रिश्वत की मांग की। उन्होंने शर्त रखी कि यदि परिवादी 30 हजार रुपये दे दे, तो आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा और परिवादी को परेशान नहीं किया जाएगा। परिवादी ने इसकी शिकायत ACB से की। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर ACB ने ट्रैप योजना बनाई।
मामला दर्ज
ASP कल्पना सोलंकी के नेतृत्व में ACB की टीम ने इस कार्रवाई को पूरी सावधानी और गोपनीयता के साथ अंजाम दिया। ASI सुखराम को मौके पर ही रिश्वत की राशि स्वीकार करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। ACB ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में रिश्वतखोरी के अन्य पहलुओं और संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Politics : 'अपराधियों में डर कायम करने के लिए फेक एनकाउंटर जरूरी', हनुमान बेनीवाल का विवादित बयान
'किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा'
ASP कल्पना सोलंकी ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। इस घटना ने पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने ACB की कार्रवाई की सराहना की है और भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की है। ACB ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।