Sawai Madhopur News: गुर्जर महापंचायत में विजय बैंसला का एलान- कल हर हाल में लगेंगी शहीदों की मूर्तियां
गुर्जर समाज ने आरक्षण आंदोलन के दौरान शहीद हुए दो युवकों की स्मृति में मूर्तियां स्थापित करने की मांग को लेकर गुर्जर समाज ने महापंचायत और प्रदर्शन किया। आंदोलन के दौरान प्रमुख मार्ग पर करीब ढाई घंटे तक जाम लगा रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुर्जर आरक्षण आंदोलन के दौरान शहीद हुए गुर्जर समाज के दो युवकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन शुक्रवार को जिले के कुशालीदर्रा तिराहे पर समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान आयोजित महापंचायत में गुर्जर आरक्षण आंदोलन के प्रमुख नेता रहे स्वर्गीय कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला के पुत्र विजय बैंसला सहित समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के चलते कुशालीदर्रा तिराहे और आसपास के क्षेत्र में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग जुटे। इस दौरान सवाई माधोपुर-खंडार-मध्यप्रदेश मार्ग तथा सवाई माधोपुर-फलोदी मार्ग करीब ढाई घंटे तक पूरी तरह बाधित रहे।
महापंचायत में गुर्जर समाज के लोगों ने आरक्षण आंदोलन के दौरान शहीद हुए फलोदी क्षेत्र के दो युवकों की मूर्तियां स्थापित करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आंदोलन में जान गंवाने वाले युवकों को उचित सम्मान मिलना चाहिए और उनकी स्मृति में कुशालीदर्रा तिराहे पर मूर्तियां स्थापित की जानी चाहिए। मांग पूरी नहीं होने से नाराज लोगों ने तिराहे पर जाम लगा दिया। इसके चलते दोनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहन फंसे रहे।
ये भी पढ़ें: Kotputli-Behror: इलाज के लिए मरीज परेशान,स्टाफ की देरी से आने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सीएचसी पर जड़ा ताला
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की। करीब ढाई घंटे तक चले प्रदर्शन और महापंचायत के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी रही। बाद में गुर्जर आरक्षण आंदोलन संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की। उनकी समझाइश और प्रशासन के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कर दिया गया तथा दोनों मार्गों पर यातायात पुनः सुचारू हो गया।
इस दौरान विजय बैंसला ने घोषणा की कि गुर्जर आरक्षण आंदोलन के शहीदों की स्मृति में कुशालीदर्रा तिराहे पर दो युवकों की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि शनिवार को शहीद दिवस के अवसर पर मूर्तियों का अनावरण भी किया जाएगा। विजय बैंसला के इस एलान के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। अब यह देखना होगा कि गुर्जर समाज प्रशासन की अनुमति के बिना मूर्ति स्थापना करता है या प्रशासन इसकी अनुमति प्रदान करता है। गुर्जर समाज ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जा सकता है।