नीट परीक्षा में पेपर लीक और धांधली के विरोध में बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आसिब खलीफा और अन्य कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसिब खलीफा और मनोज मीणा को कुछ देर के लिए हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: महंगा तेल बेचकर सरकार मालामाल! राजस्थान में हर दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन से पहले एनएसयूआई कार्यकर्ता अंबेडकर सर्किल पर एकत्रित हुए और रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां उन्होंने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आसिब खलीफा ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के गरीब तथा मेहनती छात्रों ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी लेकिन पेपर लीक की घटना ने उनके सपनों को तोड़ दिया।
खलीफा ने कहा कि छात्रों की मेहनत के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं तो एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में दिल्ली में उग्र प्रदर्शन करेगी।