Himachal Weather: शुक्रवार से खराब होगा मौसम, ओलावृष्टि-अंधड़ का अलर्ट; सात अप्रैल तक बारिश और बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में तीन से सात अप्रैल तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं, शुक्रवार को पांच जिलों में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में वीरवार को मौसम साफ रहेगा। तीन से सात अप्रैल तक प्रदेश में बादल बरसने का पूर्वानुमान है। शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिला के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है, अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
राजधानी शिमला सहित अधिकांश जिलों में वीरवार को धूप खिली। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार दो अप्रैल को राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 3 से 7 अप्रैल तक राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार भी हैं। आगामी 3-4 दिनों के दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।
उधर, उपमंडल रामपुर के सेब बहुल क्षेत्रों में मंगलवार रात को ओलावृष्टि ने बागवानों को भारी क्षति पहुंचाई है। सेब बहुल क्षेत्र 12/20, दरकाली, शलाटी घोड़ी और नोगवैली की करीब पंचायतों में ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलें क्षतिग्रस्त हुईं। उपमंडल की रचोली, डंसा, लालसा, देवठी, कूहल, मुनीश, काशापाट, दरकाली और तकलेच पंचायत में ओलावृष्टि से भारी नुकसान पहुंचा है। नित्थर में भी ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है।
अप्रैल में प्रदेश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश होने की 33.5 फीसदी संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी विस्तारित बुलेटिन के अनुसार लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के कुछ हिस्सों में अप्रैल के दौरान सामान्य से कम वर्षा होगी। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने रहेगा। निचली पहाड़ियों, मैदानी इलाकों और उनसे सटे मध्य पहाड़ी क्षेत्रों के अधिकांश हिस्सों में औसत अधिकतम तापमान सामान्य रहने की संभावना है।
मंगलवार रात को शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6, सुंदरनगर में 12.9, भुंतर में 11.2, कल्पा में 3.4, धर्मशाला में 9.8, ऊना में 14.3, नाहन में 13.1, केलांग में 0.1, सोलन में 11.4, मनाली में 7.2, कांगड़ा में 15.2, मंडी में 13.7, बिलासपुर में 16.0, चंबा में 14.1, जुब्बड़हट्टी में 12.4, कुफरी में 5.4, कुकुमसेरी में 3.0, कसाैली में 11.7, पांवटा साहिब में 20.0, देहरा गोपीपुर में 18.0, ताबो में 1.8 और नेरी में 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।