सियासी समर में प्रिटी जिंटा, कंगना रणौत और खली, बोले- वोट जरूर डालो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचन में सियासी पर्व के शुरू होने के साथ ही देश दुनिया में नाम कमाने वाली नामचीन हस्तियों ने भी सियासी समर में सहभागिता शुरू कर दी है। प्रिटी जिंटा, कंगना रणौत, द ग्रेट खली जैसे सेलेब्रिटी प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुरोध पर लोगों से मताधिकार का बढ़-चढ़कर उपयोग करने की अपील कर रहे हैं।
तीनों हस्तियों ने कहा कि सभी 18 साल से ऊपर की उम्र के लोग न सिर्फ अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाएं, बल्कि वे मतदान के दिन हर काम को छोड़कर वोट डालने को प्राथमिकता दें। उनका कहना है कि जितना ज्यादा लोग मतदान करेंगे, उतना ही लोकतंत्र मजबूत होगा।
प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले तीनों सितारों के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं तूफानी बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने अंदाज में लोगों से मतदान करने की अपील की है।
धोनी ने कहा कि विश्वकप हर बाल और हर शॉट की बदौलत जीता गया। उसी प्रकार हर व्यक्ति का हर वोट भी महत्वपूर्ण है। कहा कि यह लोगों की जिम्मेदारी है कि वे हर हाल में वोट करने जाएं। सितारों की यह अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत की पहल के बाद आनी शुरू हुई है।
हस्तियों को लिखा है पत्र
राजपूत ने बताया कि देशभर के सिने व अन्य क्षेत्रों के नामचीन हस्तियों से लोगों से मतदान करने की अपील करने के लिए पत्र लिखा गया है। कहा कि इसी पत्राचार का नतीजा है कि धीरे-धीरे हस्तियां लोगों से वीडियो के जरिये वोट देने की अपील कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि वोट प्रतिशत 75 फीसदी से ऊपर जाए।
संचार सेवा से जुड़े 35 शेडो मतदान केंद्र
प्रदेश के सुदूरवर्ती इलाकों में स्थापित 141 शेडो मतदान केंद्रों को संचार सेवा से जोड़ने की चुनाव आयोग की कवायद रंग लाने लगी है। आयोग के निर्देश पर दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों ने 35 शेडो मतदान केंद्रों को संचार सेवा से जोड़ दिया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया कि प्रयास किया जा रहा है चुनाव से पहले हर मतदान केंद्र को संचार सेवा से जोड़ दिया जाए।
इससे पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएसएनएल और अन्य दूरभाष सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान राजपूत ने सेवा प्रदाता कंपनियों के अधिकारियों को प्रदेश में सुचारु चुनाव प्रक्रिया पूरी करने के लिए विशेषकर शेडो क्षेत्रों में बूथ स्तर तक निर्बाध व बेहतर दूरभाष सेवाएं सुनिश्चित बनाने को कहा।
साथ ही उन्होंने सभी दूरभाष सेवा प्रदाताओं को सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर चुनाव के दौरान निर्बाध संचार सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कार्य करने को कहा। उन्होंने मतदान केंद्र वार दूरभाषों की स्थिति व जिला निर्वाचन अधिकारियों के समन्वय से शेडो क्षेत्रों में अस्थाई ब्राडबैंड उपलब्ध करवाने को भी कहा। बैठक में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डीके रतन भी उपस्थित थे।
आदर्श आचार संहिता की 15 शिकायतें मिली
विधानसभा चुनाव के एलान के साथ ही शिकायतों का दौर शुरू हो गया है। सोमवार तक चुनाव आयोग को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन संबंधी 15 शिकायतें मिल चुकी हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया कि जो भी शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें संबंधित जिले के जिला निर्वाचन अधिकारी को तत्काल जांच के लिए भेजकर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए हैं। कहा कि आचार संहिता का उल्लंघन किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।