Himachal News: आईजीएमसी शिमला को मिलेगी 256-स्लाइस CT मशीन, स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा बदलाव
हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने CT स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सेवाओं के लिए ‘जीरो वेटिंग टाइम’ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आईजीएमसी शिमला को जल्द 256-स्लाइस CT स्कैन मशीन भी मिलेगी। पढ़ें पूरी खबर...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग को सीटी स्कैन, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच सेवाओं में मरीजों के लिए ‘जीरो वेटिंग टाइम’ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों को समय पर और बिना परेशानी के स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
शुक्रवार को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाणा के डायग्नोस्टिक विभागों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आवश्यक मानव संसाधन और आधुनिक उपकरण उपलब्ध करा रही है। ऐसे में विभाग को जांच सेवाओं में प्रतीक्षा अवधि समाप्त करने के लिए समन्वित प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से डायग्नोस्टिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा, पैरामेडिकल और तकनीकी स्टाफ के रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भर रही है, ताकि प्रदेश में ही लोगों को बेहतर और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें और इलाज के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम हो।
बैठक के दौरान आईजीएमसी के चिकित्सकों ने 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन की मांग रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने जल्द मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सरकार सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के स्वास्थ्य ढांचे को व्यापक रूप से सुदृढ़ कर रही है। इसके तहत अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ये उपकरण न केवल मेडिकल कॉलेजों, बल्कि जिला, आंचलिक और अन्य नागरिक अस्पतालों में भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रदेशभर के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।
बैठक में प्रधान सचिव देवेश कुमार, स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा देवी, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।