HP Panchayat Election: अब पुराने सीमांकन को आधार बनाकर 16 पंचायतों का बनेगा आरक्षण रोस्टर, आदेश जारी
प्रदेश में अब 16 पंचायतों का आरक्षण रोस्टर पुराने सीमांकन को आधार बनाकर तैयार होगा। बीते साल मई में इन पंचायतों में पुनर्सीमांकन हुआ था।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में अब 16 पंचायतों का आरक्षण रोस्टर पुराने सीमांकन को आधार बनाकर तैयार होगा। बीते साल मई में इन पंचायतों में पुनर्सीमांकन हुआ था। अब इसको आधार मानते हुए आरक्षण रोस्टर बनेगा। हाईकोर्ट के आदेशों के बाद 16 पंचायतें अपने मूल स्थिति में लौटी हैं। पंचायतीराज विभाग ने रोस्टर प्रक्रिया को प्राथमिकता देते हुए सभी उपायुक्तों (डीसी) को इस बारे में निर्देश जारी किए हैं। हिमाचल प्रदेश में 31 मई से पहले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव होने हैं। प्रदेश में अब पंचायतों की कुल संख्या 37,57 हो गई है।
तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
तीन चरणों में पंचायत चुनाव कराए जाने हैं। जून के पहले सप्ताह में नवनिर्वाचित पदाधिकारी अपना कार्यभार संभालेंगे। पंचायतीराज विभाग ने उपायुक्तों को आरक्षण रोस्टर के साथ-साथ पंचायतों की मतदाता सूचियों का प्रकाशन भी सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन के सामने सीमित समय में सभी औपचारिकताएं पूरी करने की चुनौती है। राज्य निर्वाचन आयोग और पंचायतीराज विभाग इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने ये कहा
अधिकारियों का कहना है कि सभी जिलों में कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और निर्धारित समयसीमा के भीतर रोस्टर व मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया जाएगा। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताओं को समय रहते पूरा कर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किए जाएं। पंचायतीराज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि हिमाचल में 7 अप्रैल को पंचायतीराज संस्थाओं के आरक्षण रोस्टर जारी होंगे। पंचायतीराज विभाग और उपायुक्त चुनाव संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है।