{"_id":"69a9d6600790b28f9208ef3c","slug":"shimla-kavinder-gupta-appointed-new-governor-of-himachal-pradesh-shiv-pratap-shukla-sent-to-telangana-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Himachal News: कविंद्र गुप्ता को बनाया गया हिमाचल का नया राज्यपाल, शिवप्रताप शुक्ल को तेलंगाना की जिम्मेदारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Himachal News: कविंद्र गुप्ता को बनाया गया हिमाचल का नया राज्यपाल, शिवप्रताप शुक्ल को तेलंगाना की जिम्मेदारी
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 06 Mar 2026 12:46 AM IST
विज्ञापन
सार
शिव प्रताप शुक्ल करीब तीन वर्ष तक हिमाचल के राज्यपाल रहे। शुक्ल ने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश के 29वें राज्यपाल के रूप में पदभार संभाला था।
कविंद्र गुप्ता
- फोटो : स्रोत : सूचना विभाग
विज्ञापन
विस्तार
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल जम्मू के कविंद्र गुप्ता अब हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल होंगे। हिमाचल के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अब तेलंगाना के राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना कविंद्र गुप्ता का स्थान लेंगे।
Trending Videos
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तीन राज्यों में नए राज्यपाल की नियुक्ति की है जबकि कई का स्थानांतरण किया गया है। राष्ट्रपति भवन से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वीरवार को इस्तीफा देने वाले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस का त्यागपत्र राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया। उनकी जगह आरएन रवि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। रवि अभी तमिलनाडु के राज्यपाल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
लद्दाख के उपराज्यपाल कविंद्र गुप्ता के इस्तीफे के कुछ ही देर बाद उनके प्रमोशन की खबर आई। गुप्ता ने 18 जुलाई 2025 को तीसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। वह आठ महीने से भी कम समय तक लद्दाख के उपराज्यपाल रहे।
तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। बिहार के वरिष्ठ भाजपा नेता नंद किशोर यादव को नगालैंड और सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी लेफ्टि.जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य हसनैन बिहार के राज्यपाल के रूप में आरिफ मोहम्मद खान की जगह लेंगे।
कविंद्र के पास लंबा सियासी अनुभव
1978 में विवि की पंजाब इकाई में सचिव बने। वर्ष 1993 में भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष बने। 2005 में जम्मू नगर निगम के मेयर, 2015 में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष व 2018 में जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री बने। गुप्ता ने हिमाचल के राज्यपाल का दायित्व सौंपे जाने पर कहा, मैं राष्ट्रपति, पीएम एवं गृहमंत्री के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त करता हूं।