सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Technology ›   Tech Diary ›   5 Amazing Features Coming to Android 17: When Will Your Phone Get the Update?

Android 17 Top 5 Features: एंड्रॉयड 17 में आ रहे हैं ये 5 कमाल के फीचर्स! जानें आपके फोन में कब आएगा अपडेट?

टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Suyash Pandey Updated Wed, 13 May 2026 11:35 AM IST
विज्ञापन
सार

Android 17 Update: गूगल ने एंड्रॉयड शो 2026 के दौरान एंड्रॉयड 17 के कई बड़े फीचर्स पेश किए हैं। नए अपडेट में जेमिनी इंटेलिजेंस आधारित एआई फीचर्स, बेहतर एंटी-स्कैम सुरक्षा, क्विक शेयर से एयरड्रॉप सपोर्ट, 3D इमोजी और डिजिटल वेलबीइंग के लिए पॉज पॉइंट जैसे टूल्स शामिल हैं। कंपनी ने यह भी संकेत दिया कि एंड्रॉयड 17 आने वाले महीनों में पिक्सेल डिवाइसेज और अन्य स्मार्टफोन्स पर रोलआउट किया जाएगा।

5 Amazing Features Coming to Android 17: When Will Your Phone Get the Update?
Android 17 - फोटो : Google
विज्ञापन

विस्तार

अगले हफ्ते शुरू होने वाले Google I/O 2026 इवेंट से ठीक पहले गूगल का 'एंड्रॉयड शो' खत्म हो गया है। इस इवेंट में कंपनी ने इस साल के अंत तक आने वाले एंड्रॉयड 17 के कई शानदार फीचर्स की झलक दिखाई है।

Trending Videos


उम्मीद के मुताबिक, इस बार सारा फोकस एआई यानी जेमिनी को और ज्यादा स्मार्ट बनाने पर रहा। इसके अलावा एंड्रॉयड ऑटो के नए डिजाइन, बेहतरीन सेफ्टी फीचर्स और एंड्रॉयड के लुक में कई बदलाव देखने को मिले। इतना ही नहीं, गूगल ने अपने नए लैपटॉप की एक झलक दिखाकर सबको चौंका दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन


1. और भी ज्यादा 'स्मार्ट' हुआ जेमिनी एआई

गूगल का नया जेमिनी इंटेलिजेंस अब एंड्रॉयड के अनुभव को पूरी तरह बदलने के लिए तैयार है। यह अब केवल एक साधारण असिस्टेंट नहीं, बल्कि आपके फोन का एक बेहद 'स्मार्ट' और अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ये अब आपके रोजमर्रा के पेचीदा कामों को पलक झपकते ही सुलझा देगा। जहां पहले यह सिर्फ खाना ऑर्डर करने या कैब बुक करने जैसे काम कर पाता था। वहीं अब यह इतना एडवांस हो गया है कि आपके जीमेल को स्कैन कर जरूरी जानकारी निकाल सकता है। इसके अलावा ये आपके लिए किताबें भी खोज सकता है और यहां तक कि उन्हें सीधे आपकी शॉपिंग कार्ट में भी डाल सकता है।


पिक्सल्स यूजर्स के लिए इसमें 'Rambler' जैसा एक क्रांतिकारी फीचर जोड़ा गया है। ये वॉइस टाइपिंग के अनुभव को बिल्कुल इंसानी बातचीत जैसा बना देता है। अब टाइपिंग के दौरान अगर आप बीच में हिचकिचाते हैं या 'उम्म' और 'आह' जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं तो यह उन्हें समझदारी से हटाकर एक साफ-सुथरा टेक्स्ट तैयार करता है। सबसे खास बात यह है कि बातचीत के दौरान आप बिना रुके अपनी भाषाएं भी बदल सकते हैं और यह उसे आसानी से कैच कर लेता है।

सिर्फ इतना ही नहीं, कस्टमाइजेशन के शौकीनों के लिए इसमें 'Create My Widget' की सुविधा दी गई है। अब आपको विजेट्स ढूंढने की जरूरत नहीं, बस जेमिनी को बोलकर अपनी जरूरत बताइए। चाहे वह दुनिया के अलग-अलग देशों का वक्त दिखाने वाली घड़ी हो या आपका डेली कैलोरी ट्रैकर। यह जेमिनी इंटेलिजेंस बाकी गूगल एप्स से डेटा इकट्ठा करेगा और आपकी पसंद के अनुसार एक परफेक्ट विजेट तुरंत तैयार करके आपकी स्क्रीन पर सजा देगा।


2. एंड्रॉयड और आईफोन के बीच फाइल शेयरिंग हुई आसान

एंड्रॉयड और आईफोन के बीच फाइलों का लेन-देन अब पहले की तुलना में कहीं ज्यादा आसान और सुगम होने जा रहा है। जहां अब तक Quick Share से AirDrop पर फाइल भेजने की सुविधा सिर्फ चुनिंदा पिक्सल और सैमसंग गैलेक्सी डिवाइस तक ही सीमित थी। वहीं अब गूगल ने इसका दायरा बढ़ाते हुए इसमें ओप्पो, वनप्सल, वीवो, शाओमी और ऑनर जैसे बड़े ब्रांड्स को भी शामिल कर लिया है। इसका मतलब है कि अब इन कंपनियों के स्मार्टफोन्स से भी एपल के एयरड्रॉप पर सीधे फाइलें भेजी जा सकेंगी।

जिन डिवाइस में यह नेटिव सपोर्ट नहीं होगा, उनके लिए भी गूगल ने एक स्मार्ट समाधान निकाला है। अब यूजर सिर्फ एक QR कोड स्कैन करके क्लाउड के जरिए आईफोन पर फाइल ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके साथ ही, एपल ईकोसिस्टम से एंड्रॉयड की दुनिया में कदम रखने वालों के लिए भी राह आसान कर दी गई है। अब आईफोन से एंड्रॉयड पर स्विच करते समय न केवल आपका डेटा, बल्कि आपके सेव किए गए पासवर्ड और यहां तक कि होम स्क्रीन का लेआउट भी नए फोन पर आसानी से ट्रांसफर हो जाएगा। इससे आपको नए फोन में पहले जैसा ही अनुभव मिलेगा।


3. 'Pause Point' छुड़ाएगा फोन की लत

अक्सर हम जरूरी काम छोड़कर इंस्टाग्राम या टिकटॉक जैसे एप्स पर घंटों रील्स स्क्रॉल करने की आदत का शिकार हो जाते हैं। लेकिन गूगल अब 'Pause Point' फीचर के जरिए आपकी इस लत पर लगाम लगाने की तैयारी कर रहा है। यह फीचर उन एप्स के लिए एक 'स्पीड ब्रेकर' की तरह काम करेगा जिन्हें आप 'डिस्ट्रैक्टिंग' या ध्यान भटकाने वाली कैटेगरी में डालेंगे। अब जैसे ही आप इनमें से किसी एप को खोलेंगे, स्क्रीन पर तुरंत एक 10 सेकंड का पॉज दिखाई देगा। ये आपको बिना सोचे-समझे एप चलाने से रोकेगा।

इस छोटे से ब्रेक के दौरान आपका फोन आपको कुछ बेहतर विकल्प सुझाएगा। जैसे- गहरी सांस लेना, एप के लिए टाइमर सेट करना या रील देखने के बजाय कोई अच्छी ऑडियोबुक सुनना। यह तरीका पुराने एप टाइमर्स से कहीं ज्यादा असरदार है क्योंकि उन्हें नजरअंदाज करना या बंद करना आसान होता था। लेकिन 'Pause Point' की खास बात यह है कि अगर आप इसे पूरी तरह बंद करना चाहते हैं तो आपको अपना फोन रिस्टार्ट करना होगा। गूगल का मानना है कि यह अतिरिक्त कोशिश आपको फिजूल की स्क्रॉलिंग छोड़कर अपने काम पर लौटने के लिए प्रेरित करेगी।


4. एंड्रॉयड में आ रहे हैं नए और शानदार 3D इमोजी

लंबे समय से एंड्रॉयड यूजर्स शिकायत करते थे कि उनके इमोजी आईफोन के मुकाबले बहुत साधारण और 'फ्लैट' दिखते हैं। गूगल फाइनली इसे बदल रहा है। इस साल के अंत तक पिक्सल स्मार्टफोन्स में एकदम नए और बेहतरीन डिजाइन वाले 3D इमोजी मिलने शुरू हो जाएंगे।


5. स्कैम और फ्रॉड से बचने के लिए तगड़ी सुरक्षा

सुरक्षा के मामले में एंड्रॉयड 17 एक बड़ा मील का पत्थर साबित होने वाला है, जहां गूगल ने आईफोन से भी कड़ी सुरक्षा देने का दावा किया है। इस नए अपडेट में स्कैम और फ्रॉड को रोकने के लिए कई 'इंटेलिजेंट' फीचर्स जोड़े गए हैं। इनमें सबसे खास है फर्जी बैंक कॉल्स की पहचान करना। अब अगर कोई ठग आपको बैंक अधिकारी बनकर कॉल करता है तो एंड्रॉयड बैकग्राउंड में आपके फोन में मौजूद असली बैंकिंग एप से तुरंत संपर्क करेगा और यह जांच लेगा कि कॉल वाकई बैंक की तरफ से है या नहीं। अगर सिस्टम को कोई भी गड़बड़ लगती है तो वह कॉल को तुरंत काट देगा और आपको अलर्ट कर देगा।

स्मार्टफोन की अंदरूनी सुरक्षा के लिए गूगल ने 'Live Threat Detection' फीचर को और बेहतर बनाया है। ये बैकग्राउंड में चल रहे हर एप की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रखता है। यह फीचर यह भांपने में सक्षम है कि क्या कोई एप आपकी जानकारी के बिना आपके मैसेज कहीं और भेज रहा है या फोन की सेटिंग्स के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। इसके साथ ही, क्रोम ब्राउजर में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अब अगर आप इंटरनेट से कोई खतरनाक फाइल या APK डाउनलोड करने की कोशिश करेंगे तो ब्राउजर उसे डाउनलोड होने से पहले ही ब्लॉक कर देगा।

सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा बदलाव आपके फोन के चोरी या गुम होने की स्थिति में देखने को मिलेगा। एंड्रॉइय 17 के नए 'Mark as Lost' मोड के एक्टिवेट होते ही फोन सिर्फ पिन या पासवर्ड से नहीं खुलेगा, बल्कि इसके लिए बायोमेट्रिक पहचान (फिंगरप्रिंट या फेस लॉक) अनिवार्य होगी। इतना ही नहीं, चोरों को चकमा देने के लिए लॉक स्क्रीन से वाई-फाई और ब्लूटूथ जैसे क्विक सेटिंग्स बटन भी गायब हो जाएंगे। इससे चोर आपके फोन का इंटरनेट बंद नहीं कर पाएगा। इससे आप अपने खोए हुए डिवाइस को बहुत आसानी से ट्रैक कर सकेंगे।


और भी बहुत कुछ है...

गूगल की तरफ से यह एंड्रॉयड 17 का अपडेट बहुत बड़ा होने वाला है। उम्मीद है कि ये सभी फीचर्स अगस्त या सितंबर में Pixel 11 सीरीज के लॉन्च के साथ आम यूजर्स तक पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इन सब के अलावा, इवेंट में सबसे ज्यादा ध्यान गूगल के नए 'Googlebook' लैपटॉप ने खींचा। यह क्रोमबुक से एक कदम आगे की चीज है। जिसे पूरी तरह से जेमिनी एआई (जेमिनी-फोकस्ड) के हिसाब से डिजाइन किया गया है। आने वाले समय में इसके बारे में और भी कई दिलचस्प जानकारियां सामने आ सकती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News App अपने मोबाइल पे|
Get all Tech News in Hindi related to live news update of latest mobile reviews apps, tablets etc. Stay updated with us for all breaking news from Tech and more Hindi News.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed