रेलवे : प्रयागराज एक्सप्रेस समेत दिल्ली रूट की ट्रेनों में नो रूम, वंदेभारत में वेटिंग 250 के पार
रक्षाबंधन का उल्लास थमने के साथ ही शनिवार को वापसी के सफर ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को सीजन की सर्वाधिक भीड़ का अनुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रक्षाबंधन का उल्लास थमने के साथ ही शनिवार को वापसी के सफर ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को सीजन की सर्वाधिक भीड़ का अनुमान है, जिसके चलते दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत जाने वाली तमाम प्रमुख ट्रेनों में भारी मारामारी देखने को मिल रही है। शनिवार को प्रयागराज जंक्शन पर बड़ी संख्या में अपने गंतव्य की ओर वापसी करने वाले लोग पहुंच गए। हालात यह हो गए कि यात्रियों को जनरल कोच में चढ़ाने के लिए रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बलों को कतारें लगवानी पड़ी। धक्का-मुक्की के बीच यात्रियों ने किसी तरह डिब्बों में प्रवेश पाया।
दिल्ली रूट की प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर और एसी टू श्रेणी में रविवार के लिए पूरी तरह नो रूम की स्थिति है। इसी तरह रीवा एक्सप्रेस सहित इस रूट की अन्य गाड़ियों में भी लंबी प्रतीक्षा सूची यात्रियों को डरा रही है। रविवार शाम को दिल्ली जाने वाली वंदे भारत की चेयर कार में प्रतीक्षा सूची 276 तक पहुंच गई है, जबकि सुबह की गाड़ी में यह आंकड़ा 218 है। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का हाल भी कुछ ऐसा ही है। इस ट्रेन में रविवार और सोमवार को एसी थ्री, एसी टू के साथ-साथ स्लीपर श्रेणी में भी सीटों का टोटा बना हुआ है।
तत्काल कोटे का भी हाल रहा निराशाजनक
कन्फर्म टिकट पाने की आखिरी उम्मीद माने जाने वाले तत्काल कोटे का हाल भी निराशाजनक रहा। लोकनाथ की दीक्षा मालवीय टिकट लेने के लिए रामबाग स्टेशन पहुंची। जब तक उनका नंबर आता दिल्ली के लिए सभी ट्रेनों में तत्काल कोटे की बर्थ भर गई। इसी तरह यहां आजाद नगर के रविंद्र मिश्रा भी टिकट कराने के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें मुंबई का कन्फर्म टिकट नहीं मिल सका।