सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ayodhya News ›   A special team will be deployed daily across 60 wards to collect plastic waste

Ayodhya News: प्लास्टिक कचरे के लिए 60 वार्डों में रोज उतरेगी विशेष टीम

संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या Updated Sun, 22 Mar 2026 10:06 PM IST
विज्ञापन
A special team will be deployed daily across 60 wards to collect plastic waste
विज्ञापन
जीतेश कांत पांडेय
Trending Videos

अयोध्या। रामनगरी में बढ़ते पर्यटन के बीच प्लास्टिक कचरे का निस्तारण बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। इसे देखते हुए नगर निगम शहर में प्लास्टिक कचरे के पृथक संग्रह की नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत नगर के सभी 60 वार्डों में प्रतिदिन विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जो केवल प्लास्टिक कचरा ही एकत्र करेंगी।
इसके लिए रोजाना दो विशेष गाड़ियों को लगाया जाएगा, जो निर्धारित रूट के अनुसार वार्डों में भ्रमण कर प्लास्टिक कचरा संग्रह करेंगी। अभी तक प्लास्टिक कचरा सामान्य कचरे के साथ मिल जाने से उसके निस्तारण में दिक्कतें आती थीं। मिश्रित कचरे के कारण सफाई व्यवस्था भी प्रभावित होती थी और रीसाइक्लिंग प्रक्रिया भी बाधित होती थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्लास्टिक कचरे को अलग से एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। इससे कचरा प्रबंधन में सुधार होगा और शहर में गंदगी भी कम होगी। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार इससे लैंडफिल पर दबाव घटेगा और प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी।

नगर निगम बाजारों में निकलने वाले प्लास्टिक कचरे के संग्रह पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। इसके तहत थोक और खुदरा दुकानों पर आने वाले सामान के साथ गत्तों को बांधने में उपयोग होने वाली प्लास्टिक रस्सियों को भी अलग से एकत्र किया जाएगा। इसके अलावा दुकानों से निकलने वाले अन्य प्लास्टिक कचरे को इन विशेष गाड़ियों के माध्यम से उठाया जाएगा, जिससे बाजारों में सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सकेगी।

नगर निगम की ओर से इस व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाएगी, जिससे सभी वार्डों में प्रभावी तरीके से प्लास्टिक कचरे का संग्रह सुनिश्चित किया जा सके। निगम का मानना है कि कचरे का पृथक्करण स्वच्छ शहर की दिशा में एक अहम कदम है। सहायक नगर आयुक्त गुरु प्रसाद पांडेय ने बताया कि प्लास्टिक कचरे का अलग संग्रह व्यवस्था को बेहतर बनाएगा। उन्होंने नागरिकों से घरों में ही कचरे को अलग-अलग रखने की अपील की है, जिससे संग्रहण कार्य सुचारु रूप से हो सके। इससे शहर की स्वच्छता रैंकिंग में भी सुधार की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed