UP: नवरात्र पर ट्रेनें फुल, टिकटों की बुकिंग बंद, विमानों का किराया आसमान पर; कई में रिग्रेट हो गया
नवरात्र शुरू होने से पहले माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। अधिकांश ट्रेनों में लंबी वेटिंग या टिकट बुकिंग बंद हो चुकी है। वहीं कनेक्टिंग उड़ानों का किराया काफी बढ़ गया है और टैक्सी बुकिंग भी महंगी होने से श्रद्धालुओं की यात्रा मुश्किल हो गई है।
विस्तार
नवरात्र पर माता वैष्णो देवी दर्शन के लिए जम्मू जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में मायूसी बिखरी पड़ी है। सीटें फुल हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। आलम यह है कि कई ट्रेनों में रिग्रेट हो गया है, जिससे टिकट ही नहीं बुक हो रहे हैं। वहीं, विमानों का किराया भी आसमान पहुंच गया है। जबकि प्राइवेट टैक्सी की बुकिंग भी काफी महंगी है। इससे श्रद्धालुओं के लिए मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
बृहस्पतिवार से नवरात्र शुरू हो रहा है। ऐसे में लखनऊ से जम्मू जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस की स्लीपर बृहस्पतिवार से पूरे हफ्ते रिग्रेट है, सिर्फ 22 मार्च को 79 वेटिंग चल रही है। ऐसे ही थर्ड एसी में 19 व 20 को क्रमश: 48, 38 वेटिंग है। इसके बाद रिग्रेट चल रहा है।
अमरनाथ एक्सप्रेस की स्लीपर में पूरे हफ्ते रिग्रेट है। थर्ड एसी में भी रिग्रेट होने से यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। कोलकाता जम्मूतवी एक्सप्रेस की स्लीपर में 20 मार्च को 98 वेटिंग है। इसके बाद 21 को 72 वेटिंग, 22 को 70 वेटिंग, 23 को 84 वेटिंग चल रही है। इस ट्रेन की थर्ड एसी में रिग्रेट चल रहा है।
28 हजार रुपये तक पहुंचा किराया
दूसरी ओर लखनऊ से जम्मू जाने वाली उड़ानें कनेक्टिंग हैं। ऐसे में उनका किराया काफी महंगा हो गया है। लखनऊ से जम्मू की एयर इंडिया की कनेक्टिंग उड़ान का किराया 28583 रुपये चल रहा है। वहीं इंडिगो की कनेक्टिंग उड़ान का किराया 21415 रुपये चल रहा है। ऐसे में यात्रियों के लिए विमान से भी जम्मू पहुंचना आसान नहीं होगा।
20 हजार रुपये से शुरू टैक्सी बुकिंग
लखनऊ से जम्मू जाने के लिए टैक्सी बुक कराने वालों को भी खासा खर्च करना पड़ रहा है। वैगन आर की बुकिंग 20190 रुपये में हो रही है। जबकि अर्टिगा कार की बुकिंग 27750 रुपये में, इनोवा क्रिस्टा की बुकिंग 50 हजार रुपये तक हो रही है। ऐसे में लखनऊ से जम्मू में माता वैष्णो देवी दर्शन करने की इच्छा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुश्किलें कम नहीं लग रही हैं।
गोमतीनगर से छपरा के लिए चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस
यूपी व बिहार के बीच रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए जल्द ही नई वंदे भारत ट्रेन पटरी पर उतारी जाएगी। यह वंदे भारत गोमतीनगर रेलवे स्टेशन से छपरा के बीच चलेगी। रेलवे बोर्ड से इसकी मंजूरी मिल गई है।
पूर्वांचल त्तर रेलवे प्रशासन ने ट्रेन संचालन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ट्रेन का शेड्यूल भी तैयार हो गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने संचालन शुरू हो सकता है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन लगातार वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है।
अभी लखनऊ से पटना, देहरादून, गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी के लिए वंदे भारत ट्रेनों का संचालन होता है। अब छपरा के लिए नई वंदे भारत पटरी पर उतरेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, बलिया के रास्ते चलाई जाएगी। गोरखपुर से होकर बिहार जाने वाली यह दूसरी वंदे भारत ट्रेन होगी। रेल प्रशासन ने गोरखपुर से दिल्ली और आगरा के बीच स्लीपर वंदे भारत चलाने की भी योजना तैयार की है। हालांकि, इन ट्रेनों के बारे में रेलवे बोर्ड से अभी अनुमति नहीं मांगी गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर सहित प्रमुख स्टेशनों से सात वंदे भारत और दो अमृत भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार किया है। वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव, मरम्मत व धुलाई के लिए भटनी में डिपो निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार किया है। जल्द ही इसे स्वीकृति मिलने उम्मीद है।
गोरखधाम की एसी बोगी में टपका पानी, सामान भीगा
गोरखपुर से नई दिल्ली जाने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस की एसी बोगी से पानी टपकने के कारण यात्रियों का सफर मुहाल हो गया। उनका सामान भीग गया। वहीं, पुष्पक एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी बोगी में अराजकतत्वों से यात्री परेशान हो गए। मामलों की शिकायत डीआरएम से की गई है, जिस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
गोरखपुर से नई दिल्ली के बीच चलने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस (12555) की थर्ड एसी बोगी के यात्रियों ने मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई कि बोगी की एसी से पानी टपक रहा है। यह पानी कोच में भर गया, जिससे यात्रियों का भीग गया। दूसरी ओर, अंजनी कुमार मिश्र ने शिकायत की कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट काउंटर पर टिकटों की बिक्री कैशलेस कर देने से यात्रियों को दिक्कतें आ रही हैं।
वहीं मुंबई से गोमतीनगर आने वाली गाड़ी संख्या 12534 पुष्पक एक्सप्रेस की फर्स्ट एसी बोगी के 7सी केबिन के यात्री सुमित द्विवेदी ने शिकायत दर्ज कराई कि बोगी में कुछ अराजकतत्व घूम रहे थे, जिससे वे परिजनों की सुरक्षा को लेकर घबरा गए। आंनदविहार से मुजफ्फरपुर जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस (12558) के यात्रियों ने शिकायत दर्ज कराई कि सेकंड एसी कोच में दरवाजे पर बोरे रख दिए गए, जिससे यात्रियों को उतरना मुश्किल हो गया।