Baghpat: झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, महिला ने अपनाया; अस्पताल में उपचार कराया, CCTV से जांच करेगी पुलिस
बागपत के खेकड़ा कस्बे में रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची को स्थानीय महिला अपने साथ घर ले गई। बच्ची का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया, जहां वह स्वस्थ मिली। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्ची को छोड़ने वाले की तलाश करेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत के खेकड़ा कस्बे में बड़ागांव मार्ग पर रेलवे लाइन के पास रविवार शाम झाड़ियों में एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रही महिलाओं ने झाड़ियों में जाकर देखा तो वह कपड़े में लिपटी हुई थी। बच्ची को देखकर अनुमान लगाया गया कि उसका जन्म दो से तीन घंटे पहले ही हुआ था।
महिला ने अपनाया, अस्पताल में कराया उपचार
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन बच्ची को वहां छोड़ने वाले का कोई सुराग नहीं मिला। काफी देर तक लोग बच्ची के परिजनों का इंतजार करते रहे। इसके बाद मोहल्ला रामपुर निवासी रजनी सैनी बच्ची को अपनाने की इच्छा जताते हुए उसे अपने साथ ले गईं। उन्होंने नवजात को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सकों ने बच्ची को स्वस्थ बताया, जिसके बाद रजनी सैनी उसे अपने घर ले गईं।
यह भी पढ़ें: Baghpat: अविवाहित युवती ने नाली में बच्ची को दिया जन्म, अधिक रक्तस्राव से मौत; प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने
रजनी सैनी ने बताया कि जिस स्थान पर बच्ची मिली, वहां चारों ओर झाड़ियां थीं और कई आवारा कुत्ते भी घूम रहे थे। उनका कहना है कि यदि समय पर बच्ची नहीं मिलती तो उसके साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस करेगी सीसीटीवी फुटेज की जांच
क्षेत्राधिकारी रोहन चौरसिया ने बताया कि इस संबंध में थाने को कोई सूचना नहीं मिली थी। पुलिस टीम को मौके पर भेजा जाएगा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।
जांच के बाद साफ होगी सच्चाई
प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोगों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सामाजिक कारणों से नवजात बच्ची को झाड़ियों में छोड़ दिया। वहीं कुछ लोगों ने यह संभावना भी जताई कि बच्ची को किसी ट्रेन से फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।