दोघट। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांगनौली अंडरपास के पास एक कट बंद किए जाने की सूचना पर क्षेत्र के लोग विरोध में उतर आए हैं। ग्रामीणों ने मौके पर धरना दिया और घोषणा की कि कट बंद न हो इसके लिए वे रातभर पहरा देंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कट बंद किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
भाकियू नेता राजेंद्र चौधरी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सहारनपुर से उद्घाटन करेंगे। मार्ग को मंगलवार को वाहनों के लिए खोला जाना है। बताया कि गांगनौली गांव के अंडरपास के पास क्षेत्रवासी काफी समय से कट दिलाए जाने की मांग करते आ रहे हैं और यहां बनाए गए कट को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने देंगे। उन्हें सूचना मिली कि कट बंद करने के लिए अधिकारी व कर्मचारी पहुंच रहे हैं तो इसके विरोध में काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। बताया कि इस कट से करीब 40 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। इस कट को किसी भी कीमत पर बंद नहीं होने देंगे। लोगों ने कट पर ही रात्रि में पहरा देकर निगरानी शुरू कर दी। मौके पर 11 लोगों को निगरानी के लिए छोड़ा गया है। यदि रात्रि में अधिकारी कट बंद कराने पहुंचे तो वह सूचना दे सकें। इस मौके पर बिजेंद्र प्रधान, पूर्व प्रधान धर्मेंद्र राठी, विपिन राठी, संजीव राठी, रणसिंह, पवन राठी, राजेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।