UP: उधार दिए तीन लाख रुपये पहुंचा था कारोबारी, कर्जदार ने छोड़ा पालतू कुत्ता, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बागपत के गांवड़ी गांव में उधार के तीन लाख रुपये मांगने पहुंचे दूध कारोबारी पर पालतू कुत्ता छोड़ने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बागपत जनपद में अमीनगर सराय क्षेत्र के गांवड़ी गांव में उधार के रुपये मांगने पहुंचे एक दूध कारोबारी पर कथित तौर पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया। हमले में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन लाख रुपये मांगने पहुंचा था कारोबारी
मेरठ जिले के रसूलपुर निवासी रमन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका गांवड़ी निवासी सोनू के साथ दूध का कारोबार था। कारोबार के दौरान सोनू पर उसके तीन लाख रुपये बकाया रह गए थे। पिछले एक वर्ष से दोनों के बीच कारोबार भी बंद था। रमन का आरोप है कि बुधवार सुबह वह अपने रुपये मांगने के लिए सोनू के घर पहुंचा। वहां सोनू नहीं मिला। इसी दौरान उस पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया गया, जिसने हमला कर कई जगह काट लिया।
यह भी पढ़ें: सियासत: मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा, वेस्ट यूपी की बढ़ सकती भागीदारी, अरुण गोविल को मिल सकती बड़ी जिम्मेदारी
सीसीटीवी में कैद हुआ हमला
घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुत्ता रमन पर झपटता हुआ दिखाई दे रहा है। नीचे गिरने के बाद भी कुत्ता लगातार उस पर हमला करता है। पास में मौजूद एक महिला उसे बचाने का प्रयास करती है, लेकिन कुत्ता नहीं रुकता। वीडियो में दिखाई देता है कि जान बचाकर भागने के दौरान भी कुत्ता कई बार रमन पर हमला करता है।
घायल का मेरठ में उपचार, जांच शुरू
हमले में घायल रमन को पहले पिलाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। उसका उपचार एक निजी अस्पताल में कराया गया।
जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार चहल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।