यूपी: बहराइच में खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; एक की मौत, दो घायल
बहराइच के रामगांव थाना क्षेत्र के मुरावन पुरवा में खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी मां और भाई घायल हैं। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
रामगांव थाना के मुरावन पुरवा में सोमवार सुबह खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इसमें एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में एक घायल को लखनऊ रेफर किया गया है। महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
धारदार हथियार से हमला किया गया
गंभीरवा चौकी क्षेत्र के मुरावन पुरवा निवासी साबित अली (50) के परिवार का गांव के ही जुनाब अली के परिवार से खेत को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। इसमें साबित अली, उनके भाई ताहिर (55) और मां सइफन (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने तीनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने साबित अली को मृत घोषित कर दिया। ताहिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि सइफन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा
घायलों के साथ जिला अस्पताल पहुंचीं अर्शिया बेगम ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच खेत को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।
महसी के पुलिस क्षेत्र अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि सुबह खेत में ट्रैक्टर ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रामगांव थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी मामले की जांच कर रहे हैं।आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।