फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Balrampur News ›   Enthusiasm for voting seen among teachers; 89 percent turnout recorded across 10 booths

Balrampur News: शिक्षकों में दिखा मतदान का उत्साह, 10 बूथों पर 89 प्रतिशत मतदान

Fri, 23 Oct 2026 11:37 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर Updated Fri, 23 Oct 2026 11:37 PM IST
विज्ञापन
Enthusiasm for voting seen among teachers; 89 percent turnout recorded across 10 booths
फोटो-28-बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के बाद प्रपत्र बनवाते मतादाता ।-संवाद
बलरामपुर। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को जिले के शिक्षकों में मतदान को लेकर उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही शिक्षक अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। समय बढ़ने के साथ मतदान की रफ्तार भी तेज होती गई। सुबह 10 बजे तक जिले में 25.46 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 59.98 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर दो बजे तक 76.27 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान समाप्त होने पर जिले में कुल 89.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले के सभी 10 मतदान बूथों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विज्ञापन


शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के इस चुनाव में जिले के कुल 982 पंजीकृत मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था। इनमें 839 पुरुष और 143 महिला मतदाता शामिल थे। मतदान के लिए नगर क्षेत्र के एमपीपी इंटर कॉलेज में दो बूथ बनाए गए थे। इसके अलावा तुलसीपुर के स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज और श्रीदत्तगंज, उतरौला, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग, शिवपुरा (हरैया सतघरवा), गैसड़ी तथा पचपेड़वा के क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए थे।
विज्ञापन


शिक्षक हितों की आवाज मजबूत करने के लिए उत्साह से किया मतदान

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदाताओं ने उत्साह दिखाते हुए मतदान को शिक्षक हितों की रक्षा और समस्याओं को सदन तक पहुंचाने का माध्यम बताया। एमपीपी इंटर कॉलेज में मतदान करने पहुंचे मतदाता अजय कुमार ने कहा कि यह चुनाव शिक्षकों की उम्मीदों और आवाज को मजबूती देने का अवसर है। भगवती प्रसाद ने कहा कि प्रत्येक शिक्षक को अपने मताधिकार का प्रयोग कर शिक्षक हितों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। अशोक पांडेय ने कहा कि मतदान कर उन्होंने शिक्षक समाज के भविष्य से जुड़ी प्रक्रिया में भागीदारी की है। अजय सिंह पिंकू ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं, अधिकारों और मांगों को मजबूती से उठाने वाला प्रतिनिधि जरूरी है। अवधेश पांडेय ने कहा कि मतदान के जरिए शिक्षक अपने हितों की आवाज बनने वाले प्रतिनिधि के चयन में भूमिका निभाते हैं। सभी मतदाताओं ने शिक्षक हितों को मजबूत करने के लिए मतदान को महत्वपूर्ण बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन


डीएम और एसपी ने तीन मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने विकास खंड श्रीदत्तगंज, विकास खंड उतरौला और एमपीपी इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंध और मतदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

डीएम ने मतदान केंद्रों पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और अन्य संबंधित अधिकारियों से मतदान की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया जाए। साथ ही, मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी से अपने दायित्व निभाने को कहा।

मतदान केंद्रों पर सक्रिय रहे जनप्रतिनिधि

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दौरान जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं की सक्रियता भी देखने को मिली। श्रावस्ती सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। सदर विधायक पल्टूराम एमपीपी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के पास शिविर लगाकर मौजूद रहे। इस दौरान भाजपा नेता डॉ. अजय सिंह पिंकू, डीपी सिंह और आद्या सिंह भी मौजूद रहे। गैसड़ी विधायक राकेश यादव भी मतदान केंद्र पर मौजूद रहे।

सांसद प्रतिनिधि डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि शिक्षक अपने हितों में काम करने वाले जनप्रतिनिधि को मत दे रहे हैं। कांग्रेस नेता पंकज गुप्ता ने भी चुनाव के दौरान अपनी सक्रियता दिखाई।


मतपत्र और मतपेटिका से कराया गया मतदान

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में मतदान मतपत्र और मतपेटिका के माध्यम से कराया गया। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए जिले में 13 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाती रही। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाओं को कलेक्ट्रेट लाया गया, जहां से उन्हें गोरखपुर भेजने की व्यवस्था की गई।

सुबह से दोपहर तक ऐसे बढ़ता गया मतदान



समय
मतदान प्रतिशत

सुबह 10 बजे
25.46 प्रतिशत

दोपहर 12 बजे
59.98 प्रतिशत

दोपहर दो बजे
76.27 प्रतिशत

मतदान समाप्ति पर
89.31 प्रतिशत

एक नजर में चुनाव

कुल पंजीकृत मतदाता: 982

पुरुष मतदाता: 839

महिला मतदाता: 143

कुल मतदान बूथ: 10

माइक्रो ऑब्जर्वर: 13

मतदान का अंतिम प्रतिशत: 89.31

फोटो-28-बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के बाद प्रपत्र बनवाते मतादाता ।-संवाद

फोटो-28-बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज मतदान केंद्र के बाद प्रपत्र बनवाते मतादाता ।-संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed