Bareilly: भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी बोले- कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी
भाजपा ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का रविवार को स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया। लोधी ने कहा कि साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष तक पहुंच सकता है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा ब्रज क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने रविवार को बरेली के जीजीआईसी ऑडिटोरियम में हुए स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का मंत्र दिया। कहा कि संगठन ही सर्वोपरि है। भाजपा में साधारण कार्यकर्ता भी शीर्ष तक पहुंच सकता है। सभी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और जनता से सीधा संवाद बनाए रखें। पार्टी के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीडीए को खत्म करने के लिए समरसता रखनी होगी।
देर शाम जैसे ही क्षेत्रीय अध्यक्ष का काफिला ऑडिटोरियम पहुंचा, कार्यकर्ताओं की भीड़ उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़ी। उन्होंने मंच से ही प्रभु श्रीराम के नारे लगाते हुए कहा कि हर किसी को संगठन के नियम, कानून मानने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां जातिवाद की राजनीति कर रही हैं, लेकिन भाजपा ने हिंदू, मुस्लिम, सिख और इसाई सभी धर्मों के लोगों को गंगा, जमुना और सरस्वती की संज्ञा दी है।
वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, महाराज सिंह, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, आंवला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, श्रुति गंगवार, डॉ. आदेश गंगवार आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने किया फूलमाला से स्वागत
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को भाजपा ब्रज क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी का श्यामगंज में स्वागत किया। यहां महानगर अध्यक्ष शोभित सक्सेना, जिलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी समेत विशाल सक्सेना, मनोज अरोरा, अमरजीत व अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
चालान काटने से पहले कार्यकर्ता से बात करें पुलिस
पूरन सिंह लोधी ने पुलिस प्रशासन को संदेश देते हुए कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता हमारी पहचान है। तमाम कार्यकर्ताओं की शिकायत है कि ट्रैफिक पुलिस चेकिंग के नाम पर मनमानी कर रही है। उन्होंने इस कार्यशैली में सुधार लाने की बात कही। ये भी कहा कि कार्यकर्ता भी अनावश्यक शिकायतें विभागीय अधिकारियों से न करें।
क्षेत्रीय अध्यक्ष का किया स्वागत
श्री गुरु अर्जन देव के शहीदी पर्व की याद में सिविल लाइंस में छबील का आयोजन किया गया। यहां पहुंचे भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी का पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया। यहां व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य पवन अरोड़ा, देवेंद्र खंडेलवाल, कुलदीप सिंह, राहुल खंडेलवाल, विक्की बग्गा, गिरीश मक्कड़, एनडी शर्मा आदि उपस्थित रहे।