बरेली: शादी करने की जिद कर रही थी प्रेमिका, दबाव में प्रेमी ने फंदे से लटक कर दी जान
बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने उसकी प्रेमिका पर प्रताड़ित करने और शादी का दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
बरेली में पैथोलॉजी लैब में काम करने वाले सुभाषनगर निवासी अभय सक्सेना का शव शनिवार रात फंदे से लटका मिला। रविवार को पोस्टमॉर्टम में हैंगिंग (लटकने) से मौत की पुष्टि हुई। मृतक के भाई उदय ने अभय की प्रेमिका पर प्रताड़ित करने व शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम हाउस पर मिले उदय सक्सेना ने बताया कि अभय अपनी बहन की शादी के बाद ही शादी करना चाहता था। शनिवार को इसी बात को लेकर उसकी प्रेमिका से फोन पर बातचीत हो रही थी। बातचीत के दौरान प्रेमिका की ओर से कही गई किसी बात से नाराज होकर अभय अपने कमरे में चला गया और चादर से फंदा लगाकर जान दे दी। उदय ने बताया कि अभय फोन कॉल पर लगातार युवती से कह रहा था कि पहले बहन की शादी होगी, फिर मकान बनेगा और उसके बाद वह शादी करेगा।
यह भी पढ़ें- बरेली: साइबर अपराधियों को खाता उपलब्ध कराने वाले दो शातिर गिरफ्तार, एक अन्य आरोपी फरार
घटना की जानकारी मिलने पर युवती भी अभय के घर पहुंच गई। इसके बाद परिजन और युवती अभय को अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभय चार भाई-बहन में तीसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रेमिका पर मोबाइल फोन ले जाने का आरोप
मृतक के भाई उदय सक्सेना ने आरोप लगाया कि अभय की मौत के बाद घर आई उसकी प्रेमिका नजर बचाकर अभय का मोबाइल फोन लेकर चली गई। बाद में युवती अपनी मां के साथ मोबाइल फोन लेकर सुभाषनगर पुलिस के पास पहुंची। उसने पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा।
पुलिस कर रही जांच
सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि परिवार प्रेमिका पर आरोप लगा रहा है, हालांकि किसी पक्ष ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।