रेखा आर्या प्रकरण: किसने लीक किया भाजपा नेता पप्पू गिरधारी का ऑडियो, एसआईटी कर रही जांच, करीबी रडार पर
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति बरेली निवासी पप्पू गिरधारी के प्रकरण में एसआईटी जांच कर रही है। इस प्रकरण से जुड़े वायरल ऑडियो की जांच भी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक एसआईटी यह पता लगा रही है कि ऑडियो किसने लीक किया और इसकी सत्यता क्या है?
विस्तार
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति बरेली के भाजपा नेता हिस्ट्रीशीटर पप्पू गिरधारी से जुड़े मामले की महत्वपूर्ण कड़ी बने ऑडियो की जांच की जा रही है। ऑडियो किसने लीक किया, इस सवाल का जवाब भी एसआईटी को खोजना है। एसआईटी के अलावा स्थानीय स्तर पर बरेली पुलिस भी अंदरखाने पप्पू गिरधारी से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रख रही है।
दो प्रदेशों के हाई प्रोफाइल विवाद में उत्तराखंड पुलिस की एसआईटी बरेली तक जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि टीम के सदस्य बिना तामझाम के सामान्य कपड़ों में आकर पड़ताल कर रहे हैं। इस वजह से स्थानीय पुलिस को भी उनकी गतिविधियों की जानकारी नहीं हो पा रही है। सूत्र बताते हैं कि टीम ने बरेली में कुछ वकीलों से मिलकर गिरधारी के खिलाफ चल रहे मुकदमों का रिकॉर्ड भी जुटाया है।
यह भी पढ़ें- रेखा आर्या प्रकरण: एसआईटी को दिए बयान में मंत्री ने बताए साहू के कई ठिकाने, मिल सकते हैं अहम दस्तावेज
करीबी ने अपने फोन से कराई थी बात
इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि ऑडियो लीक किसने किया है। दरअसल, जेल जाने से पहले कार में बैठी कल्पना चतुर्वेदी से बातचीत का जो कथित ऑडियो वायरल हुआ है, उसमें पप्पू के किसी करीबी ने अपने फोन से यह बात कराई थी। जाहिर है कि दूसरी ओर फोन पर मौजूद पप्पू गिरधारी तो अपनी ओर से ऑडियो वायरल करने से रहा, दूसरे शख्स पर ही इसका संदेह आ रहा है।
फंस सकते हैं पप्पू के करीबी
वायरल ऑडियो में पप्पू गिरधारी के परिवार के एक सदस्य व आनंद अग्रवाल नाम के व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। चूंकि, पप्पू गिरधारी ने ऑडियो एआई निर्मित होने का दावा किया है। ऐसे में एसआईटी ये जांच भी कर रही है कि ये प्रमाणित है भी या नहीं। दरअसल, इसी ऑडियो की सत्यता पर मंत्री की ओर से दर्ज कराए मुकदमे का आधार टिका है। पप्पू के कई करीबी एसआईटी की जांच में फंस सकते हैं।
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उत्तराखंड में गठित एसआईटी के बरेली आने की कोई आधिकारिक सूचना या पुष्टि नहीं है। फिलहाल, देहरादून एसआईटी ने बरेली पुलिस से कोई मदद भी नहीं मांगी है। अगर एसआईटी किसी तरह का सहयोग चाहेगी तो बरेली पुलिस पूरी मदद करेगी।
यह है मामला
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने 15 अक्तूबर को कैंट थाने में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें मारपीट, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, जातिसूचक शब्द कहने, धोखाधड़ी और हत्या की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया गया है कि फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनियों में निदेशक पद से हटा दिया गया। अब मंत्री के बयानों में बताए गए ठिकानों और वहां उपलब्ध हो सकने वाले दस्तावेजों का सत्यापन जांच का अहम हिस्सा हो सकता है।