रोजगार मेला: बरेली मंडल के युवाओं को नौकरी के अवसर, सात हजार से अधिक पद; जानें सैलरी
बरेली में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 29 अक्तूबर को आलमपुर जाफराबाद में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें बरेली मंडल के युवाओं को नौकरी के अवसर मिलेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम वेब पोर्टल या एनसीएस वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। जानें योग्यता, वेतन और आवेदन की प्रक्रिया।
विस्तार
रोजगार की तलाश कर रहे बरेली मंडल के युवाओं के लिए विभिन्न कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर है। क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय की ओर से जारी कंपनीवार रिक्तियों के विवरण में बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों से संबंधित पद शामिल हैं। कंपनियों में उत्पादन, गुणवत्ता जांच, डाटा एंट्री, वेयरहाउस, बैंकिंग, बीमा, टेलीसेल्स, बिक्री और तकनीकी कार्यों के लिए भर्ती प्रस्तावित है।
आलमपुर जाफराबाद में लगेगा रोजगार मेला
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से 29 अक्तूबर को खंड विकास कार्यालय आलमपुर जाफराबाद में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बताया गया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी रोजगार संगम बेव पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in तथा https://www.ncs.gov.in पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन पंजीकरण कर आवेदन कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते हैं, वह मेला स्थल पर हेल्पडेस्क से ऑफलाइन फार्म प्राप्त करके प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय में आकर भी संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन से जारी सूचना के अनुसार बरेली में एक्सिस बैंक के बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इसके लिए स्नातक योग्यता मांगी गई है। वेतन 20,800 रुपये सीटीसी दर्शाया गया है। एसबीआई क्रेडिट कार्ड में ब्रांच रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के पदों पर भी भर्ती का अवसर है। इसके लिए स्नातक योग्यता और 15 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन का उल्लेख है। संबंधित पदों के लिए बरेली और पीलीभीत का जिक्र किया गया है।
बरेली में टेलीसेल्स, बिक्री और अन्य सेवाओं से जुड़े पद भी उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी अकादमी के तहत वाहन संबंधी पदों पर भर्ती का विवरण दिया गया है। इसके लिए स्नातक योग्यता, 18 से 32 वर्ष आयु और 14,500 रुपये प्रतिमाह वेतन दर्शाया है।
दूसरे शहरों में भी नौकरी के अवसर
बरेली मंडल के अभ्यर्थी नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, मानेसर, रुद्रपुर, पंतनगर, गुजरात और वडोदरा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। इन स्थानों पर उत्पादन, गुणवत्ता जांच, मोबाइल निर्माण, वेयरहाउस, पैकिंग, स्कैनिंग, डाटा एंट्री और तकनीकी प्रशिक्षण से जुड़े पद शामिल हैं। अलग-अलग कंपनियों में वेतन लगभग 14 हजार से 27 हजार रुपये प्रतिमाह तक दर्शाया गया है। कुछ पदों पर अन्य सुविधाएं और प्रोत्साहन राशि भी प्रस्तावित है।
भर्ती विवरण में विभिन्न पदों के लिए 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक की योग्यता मांगी गई है। पद के अनुसार आयु सीमा भी अलग-अलग है। अभ्यर्थियों को आवेदन या साक्षात्कार से पहले सेवायोजन काउंटर पर कंपनी, पद, योग्यता, वेतन, कार्यस्थल और चयन प्रक्रिया की पुष्टि करनी होगी।