प्रारंभिक अर्हता परीक्षा: पीईटी के दौरान चलेंगी चार विशेष ट्रेनें, बरेली से लखनऊ और मथुरा के बीच होगा संचालन
पीईटी अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। रेलवे पीईटी के दौरान बरेली-मथुरा और बरेली-लखनऊ के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों का संचालन 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को होगा। इन अनारक्षित गाड़ियों की समय सारिणी जारी कर दी गई है।
विस्तार
त्योहारी सीजन के बीच 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के दौरान रेलवे बरेली-मथुरा और बरेली-लखनऊ के बीच दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगा। शुक्रवार को अनारक्षित श्रेणी की इन गाड़ियों की समय सारिणी जारी कर दी गई। परीक्षा विशेष ट्रेनों के संचालन से अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि 05310 बरेली-मथुरा कैंट अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को बरेली से तड़के चार बजे चलने के बाद पांच बजे बदायूं, 6:10 बजे कासगंज, 7:22 बजे हाथरस सिटी और 8:30 बजे मथुरा कैंट पहुंचेगी। इन्हीं तारीखों में 05309 मथुरा कैंट-बरेली अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी मथुरा कैंट से शाम 6:10 बजे चलने के बाद 7:12 बजे हाथरस सिटी, 8:25 बजे कासगंज, 9:32 बजे बदायूं और रात 11 बजे बरेली पहुंचेगी।
लखनऊ के लिए भी विशेष गाड़ी
लखनऊ-बरेली विशेष गाड़ी का संचालन 24, 29, 31 अक्तूबर को किया जाएगा। बरेली-लखनऊ परीक्षा विशेष गाड़ी 25, 30 अक्तूबर और एक नवंबर को चलाई जाएगी। 05011 परीक्षा विशेष गाड़ी लखनऊ से रात 11:35 बजे चलने के बाद ऐशबाग, सिंधौली, सीतापुर, हरगांव, लखीमपुर, गोला गोकर्णनाथ, मैलानी, पूरनपुर, पीलीभीत होते हुए अगले दिन सुबह 5:30 बजे भोजीपुरा, 7:05 बजे इज्जतनगर, 7:30 बजे बरेली सिटी और 7:45 बजे बरेली जंक्शन आएगी।
05012 परीक्षा विशेष गाड़ी बरेली जंक्शन से शाम छह बजे चलने के बाद 6:20 बजे बरेली सिटी, 6:35 बजे इज्जतनगर, सात बजे भोजीपुरा और अगले दिन तड़के तीन बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।