यूपी: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संगठनात्मक ढांचे में किया बदलाव, प्रांतों की जगह बनाए गए संभाग
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में अब प्रांतों की जगह संभाग आधारित व्यवस्था लागू होगी। उत्तर प्रदेश में अब छह के बजाय दस संभाग कार्य करेंगे। संघ ने सौ वर्ष पूरे होने के बाद अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया है।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने शताब्दी वर्ष पूरा होने के बाद संगठनात्मक ढांचे में बदलाव किया है। अब तक प्रांतों के आधार पर संचालित हो रही संगठनात्मक व्यवस्था की जगह संभाग आधारित रचना लागू हो रही है। संगठन विस्तार और बेहतर संचालन के उद्देश्य से हो रहे पुनर्गठन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की संरचना भी बदल गई है। प्रदेश में अब छह नहीं, दस संभाग कार्य करेंगे।
रविवार को बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र स्थित निजी स्कूल परिसर में हुई बैठक में नई संभागीय रचना के तहत संचालक, कार्यवाह व अन्य दायित्वों के लिए पदाधिकारियों की घोषणा हुई। बैठक में 850 से 900 कार्यकर्ता शामिल हुए। नई व्यवस्था में ब्रज, मेरठ प्रांत के क्षेत्रों को पुनर्गठित कर तीन संभाग बने हैं। बरेली-मुरादाबाद मंडल को मिलाकर बरेली संभाग बना है, केंद्र बरेली रहेगा। आगरा और अलीगढ़ को मिलाकर ब्रज संभाग बना है, केंद्र आगरा होगा। मेरठ और सहारनपुर को मिलाकर मेरठ संभाग बना है, केंद्र मेरठ रहेगा।
उत्तराखंड में भी संगठनात्मक ढांचे में बदलाव हुआ है। यहां एक प्रांत था, जिसमें कुमाऊं और गढ़वाल दो संभाग बनाए हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड को मिलाकर एक क्षेत्रीय संगठनात्मक संरचना तैयार की गई है। पहले उत्तर प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र की अलग व्यवस्थाएं थी। उत्तर प्रदेश में छह प्रांत के बजाय अब दस संभाग होंगे। इनमें मेरठ, ब्रज, बरेली, लखनऊ, कानपुर, झांसी, प्रयागराज, अयोध्या, काशी, गोरखपुर केंद्र होंगे।
संभाग प्रचारकों की घोषणा मार्च में प्रस्तावित
रविवार को हुई बैठक में संघ की नई रचना के तहत संभाग स्तर पर संचालक, कार्यवाह और कार्यकारिणी के दायित्व की घोषणा हुई। हालांकि, संभाग प्रचारकों की घोषणा मार्च में प्रस्तावित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक में होगी। प्रांत प्रचारक के दायित्वों में उसी दौरान बदलाव किए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत कार्यकर्ता मार्च के बाद से कामकाज शुरू करेंगे।
बरेली की बढ़ेगी संगठनात्मक अहमियत
बरेली-मुरादाबाद संभाग का केंद्र बनाए जाने से संघ की क्षेत्रीय गतिविधि में शहर की भूमिका और अहम होगी। दोनों मंडल के कार्यों का समन्वय अब इसी संभागीय व्यवस्था से होगा। संगठनात्मक बैठकों, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और गतिविधियों के संचालन में बरेली प्रमुख केंद्र रहेगा। एक पदाधिकारी के अनुसार, यह बदलाव देशभर में संगठनात्मक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किया जा रहा है। दो से चार नवंबर तक इंदौर में हुई अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में भी नई संगठनात्मक रचना की जानकारी दी गई थी।
