{"_id":"6ab5f7f38c48559b9401216b","slug":"two-people-killed-in-two-accidents-on-the-dhaneta-shishgarh-road-2026-09-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: बरेली में ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर, धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर दो हादसों में छात्र समेत दो की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: बरेली में ट्रैक्टर-ट्रॉली का कहर, धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर दो हादसों में छात्र समेत दो की मौत
Fri, 25 Sep 2026 09:56 AM IST
Vijay Singh Pundir
अमर उजाला नेटवर्क, बरेली
अमर उजाला नेटवर्क, बरेली
Published by: Vijay Singh Pundir
Updated Fri, 25 Sep 2026 09:56 AM IST
विज्ञापन
Bareilly Accident
- फोटो : अमर उजाला
धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर शुक्रवार को अलग-अलग सड़क हादसों में कक्षा पांच के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छात्र का चाचा समेत दो लोग घायल हो गए। हादसों के बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करा दिया है। दोनों मामलों में चालक फरार हैं।
विज्ञापन
पहला हादसा शुक्रवार सुबह आनंदपुर के पास हुआ। दुनका निवासी सौरभ गुप्ता का 14 वर्षीय पुत्र सिद्धार्थ गुप्ता दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। स्कूल बस मिर्जापुर तक आती है। शुक्रवार सुबह सिद्धार्थ अपने चाचा शानू गुप्ता के साथ बाइक से मिर्जापुर जा रहा था। आनंदपुर के पास धनेटा की ओर से आ रही सीमेंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिद्धार्थ सड़क पर गिर गया और ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चाचा शानू गुप्ता घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए बरेली भेजा गया।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुनका पुलिस चौकी पर खड़ा करा दिया गया, जबकि चालक फरार हो गया। सिद्धार्थ दो भाइयों में बड़ा था। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां बेसुध हो गई। हादसे के समय उसके पिता राजस्थान गए हुए थे, जिनके शाम तक लौटने की संभावना बताई गई।
विज्ञापन
दूसरा हादसा देर शाम धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर बसई गांव के पास ईंट-भट्ठे के निकट हुआ। यहां लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार नियाज खां (65) और जंगा खां (53) को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नियाज खां की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर दुनका चौकी में खड़ा करा दिया है।