बरेली: गेस्ट हाउस के कमरे में मिला गुजरात के युवक का शव, इंसुलिन का इंजेक्शन लगाने की आशंका
बरेली में गुजरात के एक युवक की मौत हो गई। वह एक गेस्ट हाउस में किराए पर कमरा लेकर ठहरा था। सोमवार रात जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो स्टाफ को शक हुआ। स्टाफ ने दरवाजा खोला तो अंदर युवक मृत अवस्था में मिला।
विस्तार
बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित केबीएसआर गेस्ट हाउस के कमरे में गुजरात निवासी युवक का शव मिलने से खलबली मच गई। युवक दो दिन पहले होटल में कमरा लेकर ठहरा था। सोमवार रात कमरा नहीं खुलने पर स्टाफ ने दरवाजा खोला तो वह मृत पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में कमरे में इंसुलिन का इंजेक्शन मिलने की बात सामने आई है। हालांकि मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, गुजरात के कच्छ जिले के भुज सिटी निवासी बकाली जावेद हसन (39 वर्ष) पुत्र बकाली हसन 22 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे केबीएसआर गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 107 में ठहरे थे। 23 नवंबर को दिन में होटल स्टाफ ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। रात करीब 12 बजे स्टाफ ने दरवाजा खोलकर देखा तो जावेद हसन मृत अवस्था में मिले।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में भीषण हादसा: कार और ट्रक की भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत, छह गंभीर घायल
इंसुलिन का इंजेक्शन लगाने की आशंका
सूचना पर पीआरबी और सुभाषनगर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट को भी बुलाया गया और कमरे की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, मौके की स्थिति से युवक द्वारा इंसुलिन का इंजेक्शन लगाने की आशंका है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही होगी। पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि मामले में फिलहाल कोई अन्य संदिग्ध परिस्थिति सामने नहीं आई है।
