नांगलसोती। नौजवान भारत सभा और स्त्री मुक्ति लीग की ओर से आयोजित शहीद मेले का मशाल जुलूस के साथ समापन किया गया। मेले के समापन पर युवाओं ने शहीद भगत सिंह के अधूरे स्वप्नों को पूरा करने का संकल्प लिया।
आरबीएस इंटर कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित शहीद मेले का समापन सोमवार की देर शाम मशाल जुलूस से हुआ। जुलूस में भगत सिंह तुम जिंदा हो, हम सबके संकल्पों में.., भगत सिंह का जो ख्वाब अधूरा, इसी सदी में होगा पूरा... आदि नारे मशाल जुलूस के दौरान गूंजे। नौजवान भारत सभा के अपूर्व मालवीय ने युवाओं को सच्चाई, न्याय और ईमानदारी के रास्ते पर चलने व मिल-जुल कर संघर्ष करने की शपथ दिलाई। सामाजिक कार्यकर्ता चौ.हेमेंद्र सिंह ने संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शहीदों की शहादत का दिन शोक नहीं, गर्व का दिन है। ये दिन साहस, दृढ़ता और कुर्बानी की भावना को जगाने का दिन है ताकि हम अपने शहीदों के सपनों के भारत का निर्माण कर सकें।
स्त्री मुक्ति लीग की कविता कृष्णपल्लवी ने कहा कि देश के नौजवान अपने शहीदों के भारत का निर्माण करके रहेंगे। इस दौरान चार्ली चैप्लिन की द मॉडर्न टाइम्स फिल्म दिखाई गई। मशाल जुलूस में प्रदीप गोस्वामी, ज्ञान सिंह, मनोज, प्रमोद, जनेश, गीतिका, रामाधार, शिवा, गणेश कुमार आदि मौजूद रहे। मशाल जुलूस आरबीएस इंटर कॉलेज से आरंभ होकर विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर समाप्त हुआ।