Suicide: 'अम्मी का खयाल रखना; आई लव यू मॉम' संदेश छोड़ बिजलीकर्मी ने की आत्महत्या, ओवरहेड टैंक से लटका मिला शव
बिजनौर के नगीना में एक युवक ने ओवरहेड टैंक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने कामयाब इंसान न बन पाने की बात लिखते हुए अंत में आई लव यू मॉम लिखा।
विस्तार
बिजनौर के नगीना क्षेत्र में एक युवक ने ओवरहेड टैंक से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने कामयाब इंसान बनने की इच्छा अधूरी रह जाने का जिक्र करते हुए अंत में आई लव यू मॉम लिखा है।
ओवरहेड टैंक से लटका मिला शव
मोहल्ला लाल सराय निवासी नवेद पुत्र मोहम्मद अकबर ने सोमवार रात ग्राम कालाखेड़ी मार्ग स्थित आईटीआई कॉलेज के सामने बने करीब 50 फीट ऊंचे ओवरहेड टैंक से रस्सी के फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। नवेद इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। मंगलवार सुबह करीब छह बजे लोगों ने ओवरहेड टैंक की रेलिंग पर लगे सरिये से बंधी रस्सी पर उसका शव लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
यह भी पढ़ें: UP: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर आज से सफर महंगा, ढाई गुना तक बढ़ा टैक्स
अग्निशमन कर्मियों की मदद से उतारा गया शव
मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी डॉ अंजनी कुमार चतुर्वेदी और थानाध्यक्ष अवनीत मान ने शव को नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद अग्निशमन कर्मियों को बुलाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक के शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया है।
सुसाइड नोट में लिखी दिल की बात
पुलिस के अनुसार युवक ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें उसने अपने भाइयों से अम्मी का ख्याल रखने की बात कही है। उसने लिखा कि जब तक यह पत्र उनके पास पहुंचेगा, वह इस दुनिया से जा चुका होगा।
नोट में उसने लिखा कि वह यह गलत कदम उठाना नहीं चाहता था, लेकिन अंदर से टूट गया था। किस्मत ने उसका साथ नहीं दिया और वह एक कामयाब इंसान बनना चाहता था, लेकिन टेंशन ने उसे तोड़ दिया। अंत में उसने आई लव यू मॉम लिखकर अपने घर का पता भी लिखा है।
परिवार में सबसे छोटा था नवेद
मृतक की पहचान मोहल्ला लाल सराय निवासी नवेद के रूप में हुई है। वह सात भाई बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के अनुसार सोमवार शाम करीब छह बजे वह घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी।