UP News: बदायूं में चाय पीने के बाद फैला ऐसा डर, पूरा परिवार पहुंच गया अस्पताल, डॉक्टर को बताया माजरा
बदायूं के उझानी क्षेत्र में बुधवार सुबह चाय पीने के बाद एक परिवार के लोग इतने घबरा गए कि वे सीधे अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सक को पूरा माजरा बताया। इसके बाद परिवार के लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया।
विस्तार
बदायूं के उझानी क्षेत्र के गांव पेट्रोल पुख्ता में दूध में छिपकली गिर जाने के बाद उसी दूध से बनी चाय परिवार के लोगों ने पी ली। इसकी जानकारी होने पर परिवार के लोग दहशत में आ गए। अनहोनी की आशंका को लेकर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, गांव पेट्रोल पुख्ता निवासी तेजपाल के घर में मंगलवार रात एक बर्तन में दूध रखा था, जिसमें छिपकली गिर गई। बुधवार सुबह उसी दूध से चाय बनाई गई, जिसे परिवार के कई सदस्यों ने पी लिया। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि दूध दूषित हो चुका है। बाद में जब बर्तन साफ करते समय तेजपाल की पत्नी कमलेश ने दूध के बर्तन को देखा, तो उसमें मृत छिपकली पड़ी मिली।
अस्पताल पहुंचे परिवार के लोग
इसका पता चलते ही परिवार वालों के होश उड़ गए और सभी लोग घबराकर तुरंत अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। परिवार के सदस्य कमलेश, भगवतीर, लक्ष्मी, रविशंकर, कोमल, सोनम, सुशांत व मयंक को एहतियातन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उझानी में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया।
यह भी पढ़ें- UGC: मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बोले- यूजीसी मुसलमानों को मंजूर नहीं; देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का एलान
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सर्वेश कुमार ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति में विषाक्तता या अन्य कोई गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं। सभी की हालत सामान्य है, फिर भी सतर्कता के तौर पर प्राथमिक उपचार किया गया है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों को खुले में न रखें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।