Budaun Double Murder: हत्यारोपी से अपनों ने किया किनारा, ताई ने कहा- अजय प्रताप से मेरा कोई संबंध नहीं
बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या करने के आरोपी अजय प्रताप सिंह से ताऊ के परिवार ने दूरी बना ली है। आरोपी की ताई ने वीडियो जारी कर कहा है कि उनका अजय से कोई संबंध नहीं है। उनके पति और बेटों को फंसाया जा रहा है।
विस्तार
बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अफसरों की हत्या के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जमीनों पर अवैध कब्जे के प्रकरण में आरोपी अजय प्रताप सिंह के ताऊ राकेश सिंह का परिवार अब खुद को उससे पूरी तरह अलग बता रहा है। इस बीच राकेश सिंह की पत्नी ब्रह्मादेवी का एक वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वह अपने परिवार को निर्दोष बताते हुए मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाती नजर आ रही हैं।
करीब 30 सेकंड के वायरल वीडियो में सैजनी गांव निवासी ब्रह्मादेवी ने कहा कि मेरे पति और बेटों को प्लांट कांड में बेवजह फंसाया जा रहा है। हमारे परिवार का हत्यारोपी अजय से कोई संबंध नहीं है। हमारी संपत्ति, घर और जमीन सब अलग है। हम लोग उससे करीब 40 साल पहले ही अलग हो चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पति राकेश सिंह अस्थमा के मरीज हैं और हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री से उनके परिवार को बचाने की अपील की।
राकेश सिंह की छह दुकानों पर चल चुका है बुलडोजर
एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को हुई दो अधिकारियों की हत्या के बाद मुख्य आरोपी अजय को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, पुलिस ने उसके करीबी रिश्तेदारों पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया था। इसी क्रम में राकेश सिंह को भी रडार पर लिया गया, जिसके बाद वह अपने परिवार सहित फरार बताया जा रहा है। प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए राकेश सिंह की छह दुकानों पर बुलडोजर चलवा दिया है। साथ ही, 27 दुकानों को कब्जे में लेकर तहसीलदार की अदालत में वाद दायर कर दिया गया है।
तालाब की जमीन पर कब्जे का आरोप
मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के पिता राजेश सिंह और ताऊ राकेश सिंह पर ग्राम समाज की 24 बीघा तालाब की जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। लेखपाल हेम सिंह की ओर से दायर शिकायत के आधार पर सोमवार को दातागंज तहसीलदार न्यायालय में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही उन्हें नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जे को जल्द हटाया जाएगा।
5 लाख 13 हजार जुर्माना भी लगाया
एसडीएम दातांगज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सैजनी गांव में 24 बीघा तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा करने के मामले में आरोपी राकेश सिंह व राजेश समेत उनके परिवारीजनों पर मुकदमा दर्ज करवाने के साथ पांच लाख 13 हजार रुपये का जुर्माना भल लगाया है। इसके साथ ही इस भूमि को कब्जा मुक्त करवा लिया गया है। जुर्माना की राशि न देने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।