{"_id":"69ed209befa9ae11f40b9400","slug":"bulandshahr-bloody-game-at-a-birthday-party-in-khurja-three-people-killed-in-the-firing-2026-04-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bulandshahr: खुर्जा में जन्मदिन की पार्टी में बहा खून, जिम में चलीं दनादन गोलियां; फायरिंग में तीन की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bulandshahr: खुर्जा में जन्मदिन की पार्टी में बहा खून, जिम में चलीं दनादन गोलियां; फायरिंग में तीन की मौत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुलंदशहर
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sun, 26 Apr 2026 01:44 AM IST
विज्ञापन
सार
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके पर आला अफसरों समेत भारी पुलिस फोर्स तैनात है।
वारदात के बाद पहुंची पुलिस...
- फोटो : एएनआई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक जिम में जन्मदिन का जश्न मातम में बदल गया। मोहल्ला सुभाष रोड स्थित एक जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान मामूली विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि बर्थडे बॉय और उसके साथियों ने अपने ही तीन दोस्तों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात देर रात करीब 12 बजे हुई। हमले में मनीष, आकाश और अमरदीप नाम के तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रिपल मर्डर की इस वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि शनिवार देर रात खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था। चश्मदीदों की मानें तो पार्टी में डीजे की धुन पर नाच-गाना और हंसी-मजाक चल रहा था। इसी बीच, जश्न के दौरान मनीष, आकाश और अमरदीप ने बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। महज इतनी सी बात पर जन्मदिन मना रहा युवक और उसके कुछ अन्य साथी आगबबूला हो गए। देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और विवाद हाथापाई तक पहुंच गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
विवाद इतना बढ़ा कि बर्थडे बॉय और उसके गुट के युवकों ने तमंचे निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से जिम में भगदड़ मच गई। हमलावरों ने मनीष, आकाश और अमरदीप को निशाना बनाते हुए गोलियां बरसाईं, जिससे तीनों लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
अधिक खून बह जाने के कारण तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक साथ तीन हत्याओं की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के भी खुर्जा पहुंचने की सूचना है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
इलाके में तनाव, भारी फोर्स तैनात
शहर के बीचों-बीच हुई इस वारदात के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। मृतक युवकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल जिम को सील कर दिया गया है और मौके पर फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी है।
खुर्जा में मामूली विवाद के बाद तीन युवकों की हत्या का मामला सामने आया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। कानून व्यवस्था नियंत्रण में है।
- अंतरिक्ष जैन, एसपी देहात
बताया जा रहा है कि दोस्तों के साथ बर्थडे बॉय के परिजन और अन्य करीबी भी जिम में पार्टी एंजॉय कर रहे थे। जिम संचालक जीतू का ही बर्थडे था। जीतू का दोस्त मनीष, मनीष का चचेरा भाई था अमरदीप, अमरदीप का भतीजा था आकाश। तीनों मृतक एक ही परिवार के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तीनों भाजना नेता के परिजन हैं।