सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   Major action in fake medicine wrapper case entire Jokhabad police station line hazir

UP: नकली दवाओं के रैपर कांड में बड़ी कार्रवाई, पूरी जोखाबाद पुलिस चौकी लाइन हाजिर

संवाद न्यूज एजेंसी, बुलंदशहर/सिकंदराबाद। Published by: विकास कुमार Updated Tue, 03 Feb 2026 10:10 PM IST
विज्ञापन
सार

एसएसपी ने केवल लाइन हाजिर करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। पूरे प्रकरण की गहराई से जांच के लिए सीओ भास्कर मिश्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में इस बात की भी पुष्टि की जाएगी कि क्या स्थानीय पुलिस की आरोपियों से मिलीभगत थी या यह केवल सूचना तंत्र की विफलता थी।

Major action in fake medicine wrapper case entire Jokhabad police station line hazir
थाना सिकंद्राबाद - फोटो : up police
विज्ञापन

विस्तार
Follow Us

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा नकली दवाओं के बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने के बाद अब इसकी आंच बुलंदशहर पुलिस तक पहुंच गई है। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र की जोखाबाद चौकी क्षेत्र में नकली दवाओं के रैपर बनाने की फैक्टरी पकड़े जाने और स्थानीय स्तर पर उच्चाधिकारियों को इसकी भनक न लगने देने के मामले में एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने अनुशासनहीनता और घोर लापरवाही बरतने पर जोखाबाद चौकी प्रभारी समेत पूरी टीम (कुल 12 पुलिसकर्मियों) को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

Trending Videos

पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे
मामले की जड़ें दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच द्वारा हाल ही में किए गए एक खुलासे से जुड़ी हैं। दिल्ली पुलिस ने नकली दवाओं के एक गिरोह को दबोचा था, जो हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में बड़े पैमाने पर नकली दवाओं का निर्माण कर रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि दवाओं की पैकेजिंग के लिए उन्होंने एक रैपर प्रिंटिंग मशीन खरीदी थी। इस मशीन को शातिरों ने बुलंदशहर के सिकंदराबाद स्थित जोखाबाद चौकी क्षेत्र में एक किराए के कमरे में छिपाकर लगाया था, जहां से धड़ल्ले से नकली रैपर तैयार किए जा रहे थे। दिल्ली पुलिस आरोपियों को कस्टडी रिमांड पर लेकर जोखाबाद चौकी क्षेत्र पहुंची थी। स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर वह मशीन बरामद भी कर ली गई और दिल्ली पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

विज्ञापन
विज्ञापन

इन सबको किया गया लाइन हाजिर
नियमानुसार, किसी दूसरे राज्य या जिले की पुलिस की कार्रवाई में सहयोग करने के बाद चौकी प्रभारी को इसकी विस्तृत जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को देनी चाहिए थी। लेकिन, जोखाबाद चौकी प्रभारी ने इस संवेदनशील मामले की भनक न तो थाना प्रभारी को लगने दी और न ही अधिकारियों को अवगत कराया। जब यह मामला एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के संज्ञान में आया, तो उन्होंने स्थानीय पुलिस की भूमिका को संदिग्ध और बेहद लापरवाह माना। मंगलवार शाम को जारी आदेश के अनुसार, जोखाबाद चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह, उपनिरीक्षक सचिन, रोहित, हेड कांस्टेबल मंजूर अहमद, सुनील कुमार, सविस कौशिक, अमित कुमार, कपिल चौधरी और कांस्टेबल मेहर सिंह, अंकुर कुमार व रोहित कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया। एक साथ पूरी चौकी के स्टाफ पर हुई इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराध के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीओ सिकंदराबाद को सौंपी गई जांच
एसएसपी ने केवल लाइन हाजिर करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। पूरे प्रकरण की गहराई से जांच के लिए सीओ भास्कर मिश्रा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में इस बात की भी पुष्टि की जाएगी कि क्या स्थानीय पुलिस की आरोपियों से मिलीभगत थी या यह केवल सूचना तंत्र की विफलता थी।

अधिकारी का बयान
अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी बाहरी फोर्स की छापेमारी या बरामदगी की सूचना छिपाना गंभीर अनुशासनहीनता है। जोखाबाद चौकी के समस्त स्टाफ को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए गए हैं। - दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी बुलंदशहर

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed