एटा हत्याकांड: प्रेमिका से मिलने आया था प्रेमी, चोर समझ पड़ोसी ने पकड़ा तो मारी गोली; 11 दिन बाद सामने आया सच
एएसपी ने बताया कि आरोपी किशोर को पहले भी गांव के लोगों ने एक अन्य महिला के साथ पकड़ लिया था और उसकी पिटाई की थी। इसी कारण वह अपने पास अवैध तमंचा रखता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के एटा स्थित थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव साडरपुर में 11 दिन पूर्व हुई आशीष की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अलीगंज पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह अपने प्रेमिका से मिलने आया था। चोर समझकर आशीष ने उसे पकड़ा तो आरोपी ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा तथा कारतूस बरामद किए हैं।
एएसपी श्वेताभ पांडेय ने शनिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 9 जून को गांव साडरपुर निवासी मुलायम सिंह ने थाना अलीगंज में सूचना दी थी कि उनका भतीजा आशीष दिव्यांग पत्नी को शौच कराने के लिए खेत पर गया था। लौटते समय किसी ने आशीष को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल आशीष को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना अलीगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि अमरोली निवासी किशोर (38) ने यह वारदात की थी। वह शराब ठेके पर सेल्समैन है। उसके ग्राम साडरपुर की एक महिला से प्रेम संबंध थे। 8 जून की रात दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर मिलने की बात हुई थी। रात करीब 10 बजे ठेका बंद करने के बाद किशोर शराब के नशे में महिला से मिलने गांव पहुंचा, लेकिन महिला ने उसका फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसने महिला के घर का दरवाजा खटखटाया लेकिन किसी ने दरवाजा भी नहीं खोला। इस बात से नाराज होकर किशोर लौटने लगा। इधर आशीष पत्नी को शौच कराकर खेत से लौट रहा था। उसने चोर समझकर किशोर को पकड़ लिया और अपने चाचा को आवाज लगाई। उसने तमंचे से आशीष को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पहले भी अन्य महिला के साथ पकड़ा गया था किशोर
एएसपी ने बताया कि आरोपी किशोर को पहले भी गांव के लोगों ने एक अन्य महिला के साथ पकड़ लिया था और उसकी पिटाई की थी। इसी कारण वह अपने पास अवैध तमंचा रखता था। खुद को दोबारा पकड़े जाने और मारपीट के डर से घबराए किशोर ने तमंचे से आशीष पर गोली चला दी। गोली लगने से आशीष की मौत हो गई और भाग गया।
सीडीआर से खुला राज
एएसपी के अनुसार पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही थी। ग्रामीणों ने किशोर की पुरानी हरकत के बारे में बताया। पुलिस ने इस पर काम किया। सीडीआर और सर्विलांस के माध्यम से घटना वाले दिन उसकी लोकेशन गांव में मिली। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।