गाजीपुर। स्वतंत्रता दिवस पर जिला खेल कार्यालय की ओर से महिला और पुरुषों की पांच किमी क्रॉस कंट्री रेस (तिरंगा दौड़) का आयोजन शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम से शनिवार को किया गया। इसमें 93 बालक और 55 बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में आदित्य यादव एवं बालिका वर्ग में अंकिता विश्वकर्मा सबसे आगे रहीं।
क्रीड़ाधिकारी देवीप्रसाद ने बताया कि बालक वर्ग में अन्ना यादव दूसरे, अजित यादव तीसरे, बादल गुप्ता चौथे, आकाश यादव पांचवें और अजय कुमार बिंद को छठा स्थान प्राप्त हुआ। बालिका वर्ग में प्रीति द्वितीय, दुर्गावती तृतीय, अनन्या सिंह चतुर्थ, कल्पना बिंद पंचम और निक्की को षष्ठम स्थान से संतोष करना पड़ा। बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन उप जिलाधिकारी सदर विनोद कुमार जोशी ने हरी झंडी दिखाकर किया। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण मुख्य अतिथि जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार एवं क्रीड़ाधिकारी देवीप्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सुदामा राम, जिला फुटबॉल संघ के संयुक्त सचिव मो. मोईन, अमरजीत सिंह, ग्यासुद्दीन अहमद, योगेंद्र कुमार, इंजमामुल हक आदि मौजूद रहे।