गाजीपुर। संभावित बाढ़ और कटान को देखते हुए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने मंगलवार को सेवराई तहसील क्षेत्र के नरवा घाट और सोझवा घाट गहमर में चल रहे कटानरोधी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, मानकों और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण स्थल पर उपलब्ध सामग्री की गुणवत्ता की भी जांच की। डीएम ने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटानरोधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून 2026 तक हर हाल में पूरा कराया जाए, ताकि बरसात और बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान कार्य की रफ्तार धीमी मिलने पर जिलाधिकारी ने ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता सिंचाई निर्माण खंड वाराणसी को निर्माण कार्य में तेजी लाकर समय से पूरा कराने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी सेवराई, कार्यदायी संस्था के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।