सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Ghazipur News ›   They waited endlessly for the officer's arrival; seeing only empty chairs, the petitioners' hopes were shattered

Ghazipur News: साहब के आने का करते रहे इंतजार, खाली कुर्सियां देख फरियादियों की टूटी उम्मीद

Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Tue, 12 May 2026 11:26 PM IST
विज्ञापन
They waited endlessly for the officer's arrival; seeing only empty chairs, the petitioners' hopes were shattered
11:20 पर खाली पड़ी बिरनो खंड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक की कुर्सी। संवाद
विज्ञापन
गाजीपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद भी अधिकारियों और कर्मचारियों के रवैयों में सुधार नहीं हो रहा है। सुबह 10 बजे खुलने वाले विकास खंड कार्यालयों की हकीकत मंगलवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर सामने आई। कहीं अधिकारियों की कुर्सियां खाली मिलीं तो कहीं फरियादी घंटों तक इंतजार करते रहे। शासन के समय पालन के दावों के बीच अमर उजाला टीम ने बिरनो, मनिहारी, रेवतीपुर, करंडा और कासिमाबाद ब्लॉकों का जायजा लिया, जहां कई कार्यालयों में निर्धारित समय के काफी देर बाद तक अधिकारी और कर्मचारी नदारद मिले। इससे प्रमाण पत्र, पेंशन, मनरेगा और अन्य कार्यों के लिए पहुंचे ग्रामीणों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
Trending Videos

बिरनो ब्लॉक में 11:20 बजे तक नहीं पहुंचे बीडीओ और एडीओ पंचायत
बिरनो विकास खंड कार्यालय में सुबह 11:20 बजे तक खंड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक और एडीओ पंचायत अनिल कुमार वर्मा नहीं पहुंचे थे। परिसर में सन्नाटा पसरा रहा और फरियादी इधर-उधर भटकते नजर आए। बीडीओ कौश्तुंभ मणि पाठक ने बताया कि वह मरदह क्षेत्र में थे और दो ब्लॉकों का कार्य देख रहे हैं। वहीं एडीओ पंचायत अनिल कुमार वर्मा ने गोशाला निरीक्षण में होने की बात कही।
विज्ञापन
विज्ञापन

मनिहारी ब्लॉक में 10:48 बजे तक बीडीओ का इंतजार
मनिहारी विकासखंड कार्यालय में सुबह 10:48 बजे तक खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार दीपक नहीं पहुंचे थे। इस दौरान फरियादी और कर्मचारी इंतजार करते रहे। कई लोग मायूस होकर लौट गए। बीडीओ राकेश कुमार दीपक ने बताया कि सरौली उर्फ पहेतिया गांव में राजस्व संबंधी कार्य के सिलसिले में मौके पर गए थे, जिसके कारण समय से कार्यालय नहीं पहुंच सके।
रेवतीपुर ब्लॉक में कर्मचारी कम, फरियादी ज्यादा
रेवतीपुर ब्लॉक कार्यालय में सुबह 10 बजे केवल चौकीदार बृजेश राय, ग्राम विकास अधिकारी अरविंद गुप्ता, डिस्पैच बाबू सत्यम शर्मा और बीटीए धनंजय सिंह मौजूद मिले। सुबह 10:20 बजे तक न बीडीओ पहुंचे थे और न ही एडीओ पंचायत समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे। बीडीओ जमालुद्दीन करीब 10:30 बजे कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से चक्कर लगाने के बाद भी काम नहीं हो पा रहा है। वहीं, बीडीओ जमालुद्दीन ने कहा कि उनके पास दो ब्लॉकों का प्रभार है और सुहवल में फार्मर रजिस्ट्री का निरीक्षण करने गया था।
करंडा ब्लॉक में खाली मिली अधिकारियों की कुर्सी
करंडा ब्लॉक में सुबह 10:05 बजे खंड विकास अधिकारी सुवेदिता सिंह की कुर्सी खाली मिली। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जयप्रकाश पाण्डेय भी 10:20 बजे तक कार्यालय नहीं पहुंचे थे। कार्यालय में केवल सफाईकर्मी सुरेश बनवासी कार्य करते मिले। बाद में बीडीओ ने बताया कि वह फार्मर रजिस्ट्री का निरीक्षण करने धरवा गांव गई थीं।
कासिमाबाद ब्लॉक में कई कार्यालयों पर लटका मिला ताला
गंगौली स्थित कासिमाबाद ब्लॉक मुख्यालय में कई विभागों में लापरवाही सामने आई। हालांकि खंड विकास अधिकारी अनिल राय सुबह 10 बजे कार्यालय में मौजूद मिले। लेखाकार आकिब जावेद के कार्यालय पर ताला लटका मिला। कंप्यूटर कक्ष भी बंद था और 10:20 बजे तक वहां कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा था। समाज कल्याण कार्यालय के कर्मचारी 10:20 बजे के बाद पहुंचे। बीएमएस कार्यालय में आनंद कुमार सिंह मौजूद मिले, लेकिन दूसरे कर्मचारी भानु प्रताप 10:30 बजे तक अनुपस्थित रहे। खंड विकास अधिकारी अनिल राय ने कहा कि समय से उपस्थित न रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन से जन्म प्रमाण पत्र पर हस्ताक्षर कराने के लिए ब्लॉक का चक्कर लगा रहा हूं, लेकिन अधिकारी समय से नहीं मिल रहे हैं। आम लोगों का काम समय पर होना चाहिए। - नंदलाल चौहान, निवासी पीपनार (बिरनो)
मृत्यु प्रमाण पत्र लेने आया था, लेकिन काफी देर तक अधिकारी और कर्मचारी नहीं पहुंचे। दूर-दराज से आने वाले लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। -धर्मेंद्र कुमार जायसवाल, निवासी नवली (रेवतीपुर)
शासन ने कार्यालय खुलने का समय तय कर रखा है, लेकिन ज्यादातर ब्लॉकों में इसका पालन नहीं हो रहा है। अधिकारियों की लापरवाही से जनता परेशान है। - संदीप कुमार, निवासी भवानीपुर उर्फ तिवारीपुर
गांव से सुबह जल्दी निकलकर ब्लॉक पहुंचे, लेकिन अधिकारी समय से नहीं मिले। अगर कर्मचारी और अधिकारी समय पर बैठें तो लोगों को बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े। - निराम, निवासी ओझीपुर
अधिकारियों के साथ ही सभी को समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। समय से कार्यालय नहीं आने की जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। - आलोक प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी, गाजीपुर

11:20 पर खाली पड़ी बिरनो खंड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक की कुर्सी। संवाद

11:20 पर खाली पड़ी बिरनो खंड विकास अधिकारी कौश्तुंभ मणि पाठक की कुर्सी। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed