गाजीपुर। तहसील सदर क्षेत्र स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय मिश्रवलिया में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था में खामियां मिली। निरीक्षण में कई बच्चे बिना स्कूल यूनिफॉर्म के विद्यालय पहुंचे मिले, वहीं विद्यालय की मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित सवाल पूछे और उनका शैक्षिक स्तर परखा। कक्षा छह में पहुंचकर उन्होंने एक छात्रा से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाकर शिक्षा की गुणवत्ता का परीक्षण किया। इस दौरान कुछ बच्चे बिना यूनिफॉर्म के मिले, जिस पर जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए ड्रेस, बैग, जूते और मोजे बच्चों तक पहुंचाने के लिए अभिभावकों से संपर्क किया जाए। जिन बच्चों को यह सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, उन्हें विभाग स्तर से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी बच्चा बिना ड्रेस के विद्यालय न पहुंचे और इसमें लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। निरीक्षण में विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठे। जिलाधिकारी ने प्रधानाचार्य को पेयजल, आरओ, शौचालय की सफाई और बच्चों के बैठने की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में टाइम टेबल कक्षा के अंदर लगाने, पाठ्यक्रम के अनुसार पढ़ाई कराने, नियमित टेस्ट लेने और बच्चों को होमवर्क देने के निर्देश दिए।