गाजीपुर। जिले के ग्रामीण इलाकों में बदहाल सड़कों से जूझ रहे हजारों लोगों के लिए राहत की खबर है। संतुलित क्षेत्रीय विकास (पूर्वांचल) निधि के तहत जिले के 64 गांवों में सड़क निर्माण के लिए 10.01 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। शासन ने काम में तेजी लाने के लिए 4.79 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है, जिससे जल्द ही जमीनी स्तर पर काम शुरू होने की उम्मीद है।
शासन के संयुक्त सचिव राजेंद्र प्रसाद ने 31 मार्च को जिलाधिकारी को प्रेषित पत्र किया है, जिसमें उल्लेख है कि जिले के 13 विकास खंडों सदर, कासिमाबाद, मरदह, बाराचंवर, सादात, सैदपुर, बिरनो, देवकली, करंडा, जमानियां, मनिहारी, मुहम्मदाबाद और भांवरकोल के 64 गांवों में सीसी रोड और इंटरलॉकिंग का निर्माण कराया जाएगा। इससे करीब 50 हजार से अधिक आबादी को सीधे तौर पर फायदा मिलेगा।
आरईएस के अधिशासी अभियंता पुनीत पटेल ने बताया कि पूर्वांचल विकास निधि के तहत 64 सड़कों के निर्माण के लिए करीब 10 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं, जिसमें 4.79 करोड़ रुपये की पहली किश्त प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। समय और गुणवत्ता पर सख्ती : जिलाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि समयसीमा में बजट का उपयोग सुनिश्चित करें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि निर्माण सामग्री मानक के अनुरूप न होने पर भुगतान नहीं किया जाएगा। गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर कार्यदायी संस्था पर सीधी कार्रवाई होगी।